पूर्व CM धूमल की तस्वीर पर चिपकाया नड्डा का पोस्टर, मचा घमासान

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 12:13 PM (IST)

हमीरपुर, (राजीव)। 2022 विस चुनावों के समय हमीरपुर से भाजपा ने विकास रथों को पूरे प्रदेश में रवाना किया था, उस समय उन विकास रथों से धूमल और शांता के फोटो गायब कर दिए गए थे। जिसका खामयाजा भाजपा को 2022 विस चुनावों में हार से भुगतना पड़ा था। हमीरपुर जिला में भाजपा पांचों सीटे हार गई थी और कांगड़ा जिला में भी भाजपा को इक्का-दुक्का जगह जीत मिली थी।

अब फिर से सुजानपुर विस क्षेत्र में भाजपा के पोस्टरों से धूमल के फोटो को ढकने के फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसके चलते भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। बता दें कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की एक पार्टी होर्डिंग इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। वजह है , पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की तस्वीर के ऊपर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का पोस्टर चिपकाया जाना। 

भाजपा मंडल द्वारा लगाए गए इस बड़े होर्डिंग में धूमल की तस्वीर पहले से लगी हुई थी, लेकिन बाद में उसी स्थान पर नड्डा का पोस्टर चिपका दिया गया, जिससे धूमल की तस्वीर ढक गई। जैसे ही यह तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच प्रतिक्रिया का दौर शुरू हो गया। उक्त होर्डिंग पर सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा की तस्वीरें भी मौजूद हैं। हालांकि विवाद का केंद्र केवल यह है कि दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे नेता की तस्वीर के ऊपर नया पोस्टर क्यों लगाया गया।

स्थानीय स्तर पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जिला भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने फेसबुक पर लिखा है कि कई दशकों से खून पसीने से पार्टी-संगठन को सिंचने वाले कार्यकर्ताओं को अपने चांदी के सिक्कों की चमक का इस्तेमाल करके उन्हीं की पार्टी से पदमुक्त करवा कर उन्हें उन्ही के घर में अपमानित करवा दीजिए, सहन कर लेंगे, क्योंकि दशकों से संगठन कार्य करने वाले कार्यकर्ता के लिए संगठन महत्वपूर्ण है पद नहीं।

लेकिन कई दशकों से खून-पसीने से खींचने वाले, पूरे प्रदेश व देश में एक-एक कार्यकर्ता को जोड़कर पार्टी को मजबूत आधार देने वाले शीर्ष नेतृत्व के फोटो आगे पीछे करेंगे, शीर्ष नेतृत्व में भ्रम पैदा करने की कोशिश करेंगे, तो उन असंख्यों कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आघात पहुंचेगा, जो इस पार्टी की नींव है। वहीं प्रदेश भाजपा के सदस्य विजय बहल ने लिखा है कि बहुत ही दुःखद व निंदनीय है कि प्रो प्रेम कुमार धूमल व अनुराग ठाकुर के फोटो के ऊपर कटआउट चिपकाए जा रहे हैं। इससे साफ झलकता है कि सुजानपुर विस क्षेत्र में भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं की कदर क्या है। यह सब जो हो रहा है वह पार्टी के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। 

वीना कपिल ने भी पोस्ट डालकर धूमल-अनुराग ठाकुर के चित्रों को ढकने वाली इस घिनोनी हरकत की निंदा की है। उधर भाजपा नेत्री अंजना ठाकुर ने बताया कि सोशल मीडिया पर ये देखने को मिला कि बैनर में प्रो प्रेम कुमार धूमल जी के फोटो के ऊपर नड्डा का फोटो लगा हुआ दिखाई दिया। कुछ लोग ये बोल रहे कि इसमें एडिटिंग की है, लेकिन इस फोटो में साफ दिखाई दे रहा है कि जानबूझ कर फोटो के ऊपर फोटो लगाया गया है। 

संगठन के जुड़े हुए कुछ लोग जो ऐसा शर्मिंदा वाले काम कर रहे है उन्हें शर्म आनी चाहिए। इन लोगों को जो हमारे जननायक का फोटो हटाने की कोशिश कर रहें है और शर्म आनी चाहिए जिनको जिन्होंने ऐसे लोगों को बीच संगठन में घुसेड़ा है और हां हम ये अपमान कभी भी नहीं सहन करेगें इसका ख़ुमियाजा आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा। 

वहीं सुजानपुर विस क्षेत्र के बमसन मण्डल अध्यक्ष प्रो बिक्रम राणा का कहना है कि सुजानपुर पार्टी ऑफिस में 2024 से ही जो पोस्टर लगा है उसमें धूमल अनुराग व सभी नेताओं के फोटो है। उन्होंने बताया कि 2 नए कटआउट मोदी व नड्डा जी के आए हैं। उन्हें भी ऑफिस में रखा है लेकिन उन्हें धूमल व अनुराग के फोटो के ऊपर नही लगाया है। उन्होंने बताया कि यह कांग्रेस के नेताओं की शरारत है।

वहीं जिला भाजपा के अध्यक्ष राकेश ठाकुर का कहना है कि बड़े नेताओं के चित्रों के साथ छेड़छाड़ करना अनुशासन हीनता है। उन्होंने कहा कि जहां भी ऐसा हुआ है उसकी पूरी रिपोर्ट ली जाएगी तथा जबाबदेही भी तय होगी। उन्होंने कहा कि प्रो प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर हमारे प्रदेश के नेता है, वहीं नरेंद्र मोदी व नड्डा हमारे देश के नेता है इसलिए उनके चित्रों के साथ छेड़छाड़ करके कार्यकर्ताओ में भ्रम फैलाने वाले पार्टी हितैषी नहीं हो सकते हैं।       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News