"बाबा बालकनाथ मंदिर के मुख्य मार्ग से मीट-मांस व शराब की दुकानें हटाई जाएं", अनुराग ठाकुर ने CM सुक्खू को लिखा पत्र

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 03:23 PM (IST)

Hamirpur News : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शाहतलाई स्थित सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर के मुख्य मार्ग पर खुले मीट-मांस, मछली एवं शराब के विक्रय केंद्रों को लेकर श्रद्धालुओं द्वारा लगातार उठाई जा रही आपत्तियों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखाकर श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था एवं भावनाओं के अनुरूप उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।

सांसद ने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश के प्राचीन एवं पवित्र मंदिर न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। शाहतलाई स्थित सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर भी उत्तर भारत के सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु, दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सांसद ने कहा कि वर्षभर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के अतिरिक्त पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, चंडीगढ़ व अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा जी के दर्शन लिए आते हैं। विशेषकर चैत्र मास मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्हें ई-मेल एवं अन्य माध्यमों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अवगत करवाया है कि मंदिर के मुख्य मार्ग पर संचालित मीट-मांस, मछली एवं शराब की दुकानों के कारण उन्हें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं ने आग्रह किया है कि इन दुकानों को मंदिर मार्ग से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि मंदिर की पवित्रता, धार्मिक वातावरण व श्रद्धालुओं की आस्था अक्षुण बनी रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस विषय की संवेदनशीलता को समझते हुए श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करेगी और शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News