मोदी-शाह की तरह ही हिट होगी नड्डा और मोदी की जोड़ी

Tuesday, Jun 18, 2019 - 03:46 PM (IST)

शिमला (योगराज): जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। कहीं पटाखे फोड़ कर तो कहीं मिठाई बांटकर कार्यकर्ता जश्न में डूबे हुए हैं। शिमला दीपकमल भाजपा कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों की थाप पर नाच कर जश्न मनाया। जश्न में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जेपी नड्डा को जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर की। 

मुख्यमंत्री ने जेपी नड्डा को बधाई देते हुए कहा कि अब प्रदेश छोटा नहीं रह गया बल्कि बहुत बड़ा हो गया है, क्योंकि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी हिमाचल को मिली है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह का भी प्रदेश के एक कार्यकर्त्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने पर आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसी भी व्यक्ति को आज तक किसी भी पार्टी ने इतना बड़ा दायित्व नहीं सौपा था। यह प्रदेश के लोगों की कल्पना से भी बाहर है। उन्होंने कहा कि अब मोदी-शाह की जोड़ी की तरह ही नड्डा और मोदी की जोड़ी भी हिट होगी।

सत्ती ने कहा कि जेपी नड्डा के भाजपा के शीर्ष पद पर पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश गौरवांवित हुआ है और उनके साथ काम करने का अनुभव और यादें हैं। प्रदेश में संगठन को आगे बढ़ाने में नड्डा बड़ा योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नड्डा ने प्रदेश में मंत्री पद का त्याग कर संगठन काम करने का फैसला लिया था, आज उनके त्याग प्रतिफल हुआ है और उनको ये सम्मान मिला है। मुख्यमंत्री ने नड्डा की ताजपोशी को ऐतिहासिक बताया है और कहा कि पार्टी के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहने के बाद आज इस मुकाम पर पहुंचना नड्डा के निजी परिश्रम और कठिन कार्य का परिणाम है। प्रदेश से अनुराग ठाकुर सरकार में तो जेपी नडडा संगठन में अहम भूमिका निभाएंगे।

Ekta