Hamirpur: नादौन पुलिस को चोरी मामले में मिली बड़ी सफलता, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 05:29 PM (IST)
नादौन (जैन): नादौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव डगोह में हुई लाखों रुपए के आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का अधिकांश सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद किए गए सोने-चांदी की अनुमानित कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार 16 जून को गांव डगोह निवासी रमना देवी पत्नी स्वर्गीय विजय कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि मार्च-अप्रैल माह के दौरान उनके घर से सोने व चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई थी। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। नादौन पुलिस थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरोपी ईशांत धीमान पुत्र अमित धीमान निवासी गांव व डाकघर डुढाणा तहसील नादौन, जिला हमीरपुर तथा कार्तिक कौशल पुत्र राजेश कुमार निवासी गांव बदेहड़ा, डाकघर बटराण तहसील नादौन के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को 29 जून को गिरफ्तार किया गया और 30 जून को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 जुलाई तक 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। रिमांड के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी किए गए आभूषण एक ज्वैलरी दुकान के संचालक को बेच दिए थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ज्वैलरी दुकान के संचालक अंकित कुमार पुत्र कुलतार सिंह रंगस से पूछताछ की और उसके कब्जे से 45 ग्राम पिघला हुआ सोना तथा 195 ग्राम पिघली हुई चांदी बरामद की। उन्होंने बताया कि बरामद धातुओं की अनुमानित कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपए बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि ज्वैलरी दुकान के संचालक अंकित से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी के आभूषणों का अन्य हिस्सा कहां गया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या चोरी अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने क्षेत्र के सभी स्वर्णकारों और ज्वैलर्स को भी सख्त चेतावनी दी कि बिना वैध पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेजों की जांच किए किसी भी व्यक्ति से सोना-चांदी न खरीदें। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।

