मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य का लिया जायजा
punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 05:36 PM (IST)

नादौन (जैन): सोमवार सुबह स्थानीय विश्राम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो कांफ्रैंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी उपायुक्तों से बात कर पिछले 3-4 दिनों से हो रही वर्षा के कारण हुए नुक्सान का जायजा लिया और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद के दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह 4 बजे तक विभिन्न स्थानों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव कार्यों पर नजर बनाए रखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू राहत एवं बचाव कार्यों की स्वयं निगरानी कर रहे हैं और प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में हैं ताकि आपातकाल की स्थिति में लोगों को समय पर मदद पहुंचाई जा सके। सुखविंदर सिंह सुक्खू से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी रविवार देर शाम फोन पर बात की और भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न भागों में फंसे हरियाणा के लोगों को सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मनोहर लाल खट्टर को आश्वस्त किया कि वह निजी तौर पर इस मामले को देख रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को इस संबंध में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मंडी जिला के नगवाईं में फंसे छह लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए गए बचाव अभियान पर भी नजर बनाए रखी। इन सभी छह लोगों को देर रात लगभग दो बजे सुरक्षित निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने बचाव दल और स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की सराहना भी की। मुख्यमंत्री मनाली के आलू ग्राऊंड में फंसे 29 लोगों और लाहौल स्थित चंद्रताल झील के पास फंसे लगभग 200 पर्यटकों के बारे में भी पल-पल की जानकारी लेते रहे। मनाली में फंसे 29 लोगों को सोमवार सुबह 8 बजे सुरक्षित निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने चंद्रताल झील के पास फंसे पर्यटकों के लिए खाने-पीने की सामग्री, दवाएं और अन्य आवश्यक सामान भेजने के निर्देश दिए और जिला प्रशासन से उनके बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य प्रशासन को विभिन्न स्थानों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के लगातार संपर्क में हैं और व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार सभी लोगों के साथ है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्राओं से बचने और नदी-नालों के नजदीक न जाने की अपील भी की है।