उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल अमरीक सिंह का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई; मुकेश अग्निहोत्री भी रहे मौजूद

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 02:39 PM (IST)

Una News : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांटे गांव निवासी कांस्टेबल अमरीक सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अमरीक सिंह का 21 अक्टूबर को निधन हो गया था। बीते कुछ समय से पीजीआई चंडीगढ़ में उनका उपचार चल रहा था। बीमारी से जूझते हुए उन्होंने अंतिम सांस ली।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दी श्रद्धांजलि

अमरीक सिंह का अंतिम संस्कार स्वर्गधाम पालकवाह में किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के रूप में सशस्त्र सलामी दी गई। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर कमांडेंट फर्स्ट आईआरबीएन वनगढ़ डॉ. आकृति शर्मा, एएसपी ऊना अजय राणा, डिप्टी कमांडेंट अमित शर्मा एवं मनोज शर्मा, डीएसपी हरोली मोहन रावत, उप मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी बिन्नी मिन्हास सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सहकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत अमरीक सिंह को श्रद्धांजलि दी। पुलिस जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में परिजन भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News