सरकार 5 साल काम करती तो प्रधानमंत्री की रैलियां करवाने की आवश्यकता नहीं पड़ती : मुकेश अग्निहोत्री

Sunday, Oct 23, 2022 - 07:49 PM (IST)

शिमला/ऊना (राक्टा/सुरेन्द्र): प्रदेश सरकार के पास अपने 5 साल के कार्यकाल की ऐसी कोई भी उपलब्धि नहीं है, जिसके नाम पर वह जनता के बीच जाकर वोट मांग सके। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कर्ज लेकर घी पीने का काम किया और सरकार की एकमात्र उपलब्धि कर्ज लेना ही रही है। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश पर आज 70 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज तक के सबसे अधिक कर्ज लेने वाले मुख्यमंत्री हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा अब चाहे जो मर्जी हथकड़े अपना ले, उसकी सत्ता से विदाई तय है।

हार से घबराए जयराम नहीं जुटा पा रहे अपने विस क्षेत्र से बाहर निकलने की हिम्मत 
मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना में विभिन्न सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर नहीं बल्कि सुनामी चल रही है, जिसमें भाजपा पूरी तरह से धराशायी होगी। विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ कांग्रेस पार्टी ने जो वायदे किए हैं उन्हें सत्ता में आने पर पूरा किया जाएगा। जिला परिषद के तहत जो कर्मचारी काम कर रहे हैं, उन्हें रैगुलर सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाएगा। नीति बनाकर कर्मचारियों को सरकारी प्रक्रिया में लाया जाएगा और रिक्त पद भरे जाएंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम अपनी और अपनी पार्टी की हार देखकर घबरा गए हैं, इसलिए अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर निकलने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay