अनुराग ठाकुर के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर बिफरे हिमाचल के सांसद, लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

Saturday, Sep 19, 2020 - 09:45 PM (IST)

शिमला (योरागज): हिमाचल भाजपा के सांसद मंडी से रामस्वरूप शर्मा एवं कांगड़ा से किशन कपूर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिमला से सांसद सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले और कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा लोकसभा में हिमाचल के सांसद एवं केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर के खिलाफ अमर्यादित बयानबाजी पर अपना विरोध दर्ज किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि अधीर रंजन द्वारा अनुराग ठाकुर के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना अशोभनीय है तथा घोर निंदनीय है। यह केवल अनुराग ठाकुर का ही अपमान नहीं अपितु पूरे हिमाचल प्रदेश का अपमान है।

उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस पार्टी एक परिवार की ही गुलामी से बाहर नहीं निकल पा रही है। इस प्रकार की भाषा कांग्रेस पार्टी की संकीर्ण मानसिकता को दिखाती है। आज कांग्रेस के नेता अपनी निर्बलता का जीता जाता उदाहरण दे रहे हंै। उन्होंने अपने संस्कारों को जनता के समक्ष रखा है कि किस प्रकार से वह केंद्रीय वित्त मंत्री के पद की गरिमा को भी भुला बैठे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एक ही परिवार के अंधभक्त बन गए हैं जबकि पूरे देश को गांधी परिवार की सच्चाई पता लग चुकी है पर इनके नेता आज भी अपनी आंखों पर काली पट्टी बांधकर बैठे हैं। उन्होंने कहा अधीर रंजन चैधरी अपने अमर्यादित बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगें और भविष्य में ऐसे अमर्यादित व बचकाना बयान देने से परहेज करें अन्यथा भाजपा इसका कड़ा संज्ञान लेगी।

Vijay