FCI परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष बने सांसद रामस्वरूप शर्मा

Friday, Sep 20, 2019 - 07:23 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय ने सांसद रामस्वरूप शर्मा को हिमाचल प्रदेश भारतीय खाद्य निगम की परामर्शदात्री समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के उपसचिव अजय कुमार झा की ओर से जारी अधिसूचना में मंडी से दूसरी बार सांसद चुने गए रामस्वरूप शर्मा को नई जिम्मेदारी बारे अवगत करवाया गया है। मंत्रालय ने उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय को निर्देश दिए हैं कि इस समिति पर जल्द से जल्द अधिसूचना जारी कर समिति के गठन कार्य तथा कार्यक्रम की जानकारी सहित आवश्यक सूचना जारी की जाए।

सांसद रामस्वरूप शर्मा ने अपनी इस नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि समिति एफसीआई के हिमाचल अधिकार क्षेत्र में कार्य करेगी और हिमाचल प्रदेश भारतीय खाद्य निगम के कामकाज की निगरानी रखेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय खाद्य निगम के हिमाचल में जितने खाद्यान गोदाम हैं, उनकी मानकों के तहत दशा सुधारने की दिशा में कार्य किया जाएगा और कबायली जिलों व दुर्गम गांवों तक खाद्यान सप्लाई सही ढंग से और समय पर हो, इसके लिए भारतीय खाद्य निगम हिमाचल विभाग को सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार के साथ तालमेल से हिमाचल प्रदेश में भारतीय खाद्य निगम के कामकाज को गति प्रदान की जाएगी।

Vijay