टिकट को लेकर बोले सांसद रामस्वरूप शर्मा, कहा-केंद्रीय नेतृत्व पर पूरा भरोसा

Thursday, Mar 14, 2019 - 03:58 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): वीरवार को सुंदरनगर जिला भाजपा ने लोकसभा चुनावों को लेकर स्थानीय जिला कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यालय का शुभारंभ मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा द्वारा किया गया। इस मौके पर उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र से आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर उनका नाम भाजपा संसदीय बोर्ड को भेजने पर प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व पर पूरा विश्वास है।

चुनाव लडऩा नहीं मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाना है भाजपा का लक्ष्य

उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट को लेकर अन्य कार्यकताओं द्वारा की जा रही दावेदारी पर चुप्पी साधते हुए अपने नाम की पैरवी की। उन्होंने कहा कि केंद्र जल्द ही मंडी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य चुनाव लडऩा नहीं है बल्कि चुनाव को जीतकर नरेंद्र मोदी को एक बार फिर देश का प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कार्यकर्ताओं में भारी जोश है और प्रदेश की सभी चारों लोकसभा सीटें जीतकर केंद्र की झोली में डाली जाएंगी।

भाजपा 400 से अधिक सीटें जीतकर दोहराएगी इतिहास

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा एक बार फिर हिमाचल सहित देश में 400 से अधिक सीटें जीतकर इतिहास दोहराया जाएगा। इस अवसर पर सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल, नाचन विधायक विनोद, मंडलाध्यक्ष बैरागी राम, मंडल महामंत्री डॉ. हेम प्रकाश शर्मा, महामंत्री जितेंद्र शर्मा, बी.डी.सी. चेयरमैन सोहन लाल, जिला महामंत्री नरेश चंदेल, दिलीप, नगर परिषद अध्यक्ष पूनम शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक सेन, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश चंदेल, महामंत्री घनश्याम वर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष चिंता डोगरा, नाचन मंडल महामंत्री वेद शर्मा व मंडल मिडिया प्रभारी महेंद्र ठाकुर सहित समस्त कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

Vijay