Hamirpur: दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मिले सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, हिमाचल के विकास और जनहित के मुद्दों पर की चर्चा
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 03:35 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी स्वरचित पुस्तक 'मोदी युग में भारत का आर्थिक सशक्तिकरण' की प्रतियां दोनों मंत्रियों को भेंट कीं। पुस्तक भेंट करने के उपरांत डॉ. सिकंदर ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों के साथ हिमाचल प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत करवाया।
प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों तक विकसित भारत संकल्प पहुंचाने पर दिया जोर
चर्चा के दौरान सांसद ने केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से विकसित भारत के संकल्प को हिमाचल के दूरदराज के क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास और खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर भी चर्चा की।
केंद्र से मिला पूर्ण सहयोग का आश्वासन
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि गृह मंत्री का मार्गदर्शन हमेशा नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री ने हिमाचल के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है और प्रदेश की उन्नति के लिए केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। सांसद ने विश्वास जताया कि केंद्र के सहयोग से हिमाचल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

