जल शक्ति मंत्री के कोरोना पॉजिटिव होने से मंडी जिला में हड़कंप, 200 से अधिक लोग आइसोलेट

Thursday, Sep 03, 2020 - 06:15 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के कोरोना पॉजिटिव आने से मंडी जिला में हड़कंप मच गया है तथा करीब 200 से अधिक लोगों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। बता दें कि जल शक्ति मंत्री 28 अगस्त को अपने विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर के बल्द्वाड़ा में एक सरकारी कार्यक्रम में भाग लेने आए थे, जिसमें सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक इंद्र सिंह, प्रकाश राणा, जिला भाजपा अध्यक्ष एवं एपीएमसी के चेयरमैन दलीप ठाकुर व डीसी ऋग्वेद ठाकुर सहित 2 दर्जन अधिकारी शामिल थे। बल्द्वाड़ा में सरकारी कार्यक्रम के बाद उन्होंने उपमंडल स्तर पर भी अधिकारियों से बैठक की थी और इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी इसी दिन घर में उनके सीधे संपर्क में आए और वे शिमला निकल गए।

इसी बीच वीरवार को उनके बेटे एवं भाजपा सहमीडिया प्रभारी रजत ठाकुर भाजपा की बैठक में भी शामिल हुए और इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप व सांसद रामस्वरूप सहित जिला के 5 विधायक शामिल थे। मंत्री के पॉजिटिव आने के बाद एक बार फिर बड़ी चेन बनने की संभावना दिख रही है क्योंकि विधायक प्रकाश राणा जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के संपर्क में आने के बाद मुख्यमंत्री के साथ हर मंच पर दिखाई दिए।

वहीं डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने माना कि वे भी जल शक्ति मंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए हैं लेकिन सरकारी कार्यक्रम में सोशल डिस्टैंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया था। अब कुछ नेता और जल शक्ति मंत्री के पर्सनल स्टाफ के संपर्क में आने वाले लोगों को आइसोलेट होने के निर्देश दे दिए गए हैं। जल शक्ति मंत्री के बेटे ने परिवार के क्वारंटाइन होने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे भी शिमला निकल चुके हैं और पिता की रिपोर्ट उन्हें 4 बजे मिली।

 

Vijay