सरकार के जश्र को धर्मशाला जाएंगी 1500 से अधिक बसें, सैंकड़ों रूट होंगे प्रभावित

Wednesday, Dec 26, 2018 - 11:10 PM (IST)

शिमला: हिमाचल सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर धर्मशाला में आयोजित रैली के लिए आज प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 1500 से अधिक बसें रवाना होंगी, ऐसे में लोगों को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बसों की सुविधा मिलने से परेशानी भी बढ़ सकती है। रैली के लिए परिवहन निगम की प्रदेश भर के विभिन्न डिपुओं से 780 बसें रैली के लिए रवाना होंगी, जबकि 700 के करीब निजी बसें भी रैली के लिए रवाना होंगी, ऐसे में प्रदेश भर में सैंकड़ों बसों के रूट प्रभावित होंगे। परिवहन निगम प्रबंधन का दावा है कि प्रदेश के जिन रूटों पर निगम की 2 से अधिक बसें चलती हैं उन रूटों पर एक ही बस चलाई जाएगी और बाकी रूटों को नहीं छेड़ा जाएगा।

चालक-परिचालकों की छुट्टियां कैंसिल

बसें भेजने के लिए हालांकि चालक-परिचालकों की छुट्टियां भी कैंसिल की गई हैं। परिवहन निगम की 20 प्रतिशत से अधिक बसें विभिन्न वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं उन बसों को भी रैली के लिए रवाना किया जाएगा और इसके अलावा विभिन्न बस अड्डों पर खड़ी लो फ्लोर बसें भी रैली में जाने वाले लोगों के लिए लगाई जाएंगी। हालांकि जिन क्षेत्रों में 2 से अधिक बसें चलती हैं उन क्षेत्रों में लोगों को एक ही बस में सफर करना पड़ेगा। रैली को चलते आज के  दिन बसें न मिलने से परेशानी हो सकती है।

प्रत्येक डिपो से चलाईं जा रही 35 बसें

हिमाचल पथ परिवहन निगम के सभी डिपो से 35-35 बसें रैली के लिए रवाना की जा रही हैं, लेकिन जिला कांगड़ा-चंबा-हमीरपुर व मंडी से इससे कहीं ज्यादा बसों को रैली के लिए रवाना किया जा रहा है, ऐसे में लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में बसों की कमी भी खल सकती है।

क्या कहते हैं एच.आर.टी.सी. के अधिकारी

एच.आर.टी.सी. के मुख्य महाप्रबंधक एच.के. गुप्ता ने बताया कि जिन रूटों पर निगम की दो से अधिक बसें चलती हैं उन्हीं क्षेत्रों से रैली के लिए बसें भेजी जाएंगी। रैली के लिए प्रदेश भर से निगम की 780 बसें रवाना की जाएंगी।

Vijay