मानसून ने दिखाया रौद्र रूप, कुल्लू में बादल फटा, कई मार्ग हुए बंद

Thursday, Aug 27, 2020 - 11:54 AM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाया है। प्रदेश भर में भारी बारिश ने जन जीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। सूबे में नदी नाले उफान पर हैं। आलम यह है कि कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के कारण औट-हणौगी, चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद कर दिया गया है। वहीं टनल के मुहाने पर मोहू नाले में पानी बढ़ने से यहां सड़क पर जलभराव हो गया है। टनल में भी पानी घुसा है औट थाना प्रभारी ललित महंत ने बताया कि पानी निकासी का कार्य भी जारी है। 

हिमाचल में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश कांगड़ा जिले में हुई है। पालमपुर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। भूस्खलन के चलते लिंक मार्गों पर सबसे अधिक समस्या है। मंडी जिले में कोटली समराहन मार्ग पर लैंड स्लाइड हुई है। इसके अलावा, बुधवार को मंडी पठानकोट हाईवे पर पड़े गिरने से यह मार्ग बंद रहा था. वहीं, हमीरपुर में शुक्कर खड्ड में एक ट्रक तेज बहाव में फंस गया था। कुल्लू जिले में भी भारी बारिश हुई है। यहां पर नग्गर में बादल फटा है और कई गांवों का संपर्क कटा है। कुल्लू में गड़सा घाटी के देवता शोठ निहारगड़ू देवता के तीर्थ स्थान को नुकसान पहुंचा है। गाद के चलते तीर्थ स्थान पर देवता के तमाम चिन्ह बह गए हैं।

भादो पर हर साल यहां हजारों पवित्र स्नान करने आते हैं। कुल्लू के बाह्य सराज के जलोड़ी दर्रा होकर गुजरने वाले औट-आनी-सैंज हाईवे-305 बुधवार को करीब 11 घंटे बंद रहा और दोपहर बाद धामन बैली ब्रिज की प्लेटें उखड़ने से यातायात बंद कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में बुधवार शाम तक शिमला जोन में 32, मंडी जोन में 44 और कांगड़ा जोन में 25 सड़कें बंद रहीं। आज प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

27 अगस्त के लिए अलर्ट है। बिलासपुर, कांगड़ा ,ऊना और सिरमौर के लिए यलो वार्निंग जारी की गई है। बुधवार शाम से लेकर वीरवार सुबह तक शिमला में करीब 9.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 1 सितंबर तक मौसम खराब रहेगा। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश कांगड़ा में 88.2 मिलीमीटर दर्ज की गई है। इसके अलावा, पालमपुर में 73 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। धर्मशाला में 75.2, चंबा के डलहौजी में 52 मिलीमीटर,  कुल्लू भुंतर में 31.8 मिलीमीटर, मनाली में 25 मिलीमीटर, सेओबाग में 26.6 मिलीमीटर, मंडी में 27.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। सुंदरनगर में 25.6 ,बिलासपुर में 14.5, चंबा में 36 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई।
 

prashant sharma