मोदी राज में बर्बाद हुए किसान-बागवान, PM के बाद CM भी जुमला किंग: सुक्खू

Friday, Dec 07, 2018 - 04:09 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए जमीनी स्तर पर भाजपा की घेराबंदी शुरू कर दी है। लक्ष्य-2019 हासिल करने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू खुद कमान संभाले हुए हैं। वह इन दिनों हर ब्लॉक में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व नेताओं के सम्मेलन कर रहे हैं। शुक्रवार को इसी क्रम में वह जुब्बल-कोटखाई पहुंचे और सम्मेलन में केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की जयराम सरकार को कठघरे में खड़ा किया। सुक्खू ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के बाद सीएम जयराम ठाकुर भी जुमला किंग बन गए हैं। मोदी सरकार में बागवान और किसान बर्बाद हो गए हैं। 

अपराधियों पर लगाम कसने के दावे भी जुमले ही निकले

मोदी ने 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने के लिए जिस तरह किसानों-बागवानों से झूठे वादे किए, उसी तर्ज पर सीएम जयराम ठाकुर भी लोगों को सब्जबाग दिखा रहे हैं। सीएम ने उड़ान योजना के तहत हेलीटैक्सी चलाने की घोषणा की, लेकिन एक साल में हेलीपोर्ट तक नहीं बनवा पाए। एनएच की डीपीआर तैयार करने को लेकर भी उनकी घोषणाएं जुमले साबित हुई हैं। अपराधियों पर लगाम कसने के दावे भी जुमले ही निकले। बकौल सुक्खू, प्रदेश के सेब उत्पादकों के साथ मोदी ने पीएम बनने के बाद भी बहुत बड़ा धोखा किया। 2014 में सेब पर आयात मूल्य 50 प्रतिशत बढ़ाने का वादा प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार का साढ़े चार साल का कार्यकाल बीतने के बाद भी पूरा नहीं किया। इससे हिमाचल के सेब उत्पादकों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। बाहरी सेब के आयात होकर यहां आने से हिमाचल के बागवानों को सेब के उचित दाम नहीं मिल पा रहे। जो सेब की पेटी 1800 से 2500 रुपए में बिकती थी। वह इस बार 800 से 1200 रुपए में बिकी। जिससे बागवानों को इस बार दो हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

सुक्खू ने भाजपा सांसदों पर भी बोला तीखा हमला  

सुक्खू ने हिमाचल के भाजपा सांसदों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के सामने भाजपा सांसदों की जुबान पर ताला लग जाता है। वे हिमाचल के हितों की रक्षा करने और चुनावी वादे पूरा कराने में विफल रहे हैं। सांसद वीरेंद्र कश्यप तो बागवानों और किसानों का मुद्दा मोदी के सामने उठाने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाए। उन्होंने मोदी को सेब पर आयात मूल्य 50 प्रतिशत बढ़ाने का वादा तक याद नहीं कराया। सुक्खू ने कहा कि भाजपा सिर्फ झूठ की राजनीति में माहिर है। कांग्रेस ही किसानों-बागवानों की असली हमदर्द है। यूपीए के केंद्र में सत्ता संभालने पर इन वर्गों ही हर समस्या का समाधान होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए घर-घर तक पहुंंचे और मोदी सकरार की जनविरोधी नीतियों की पोल खोलें।

इस मौके पर पूर्व सीपीएस रोहित ठाकुर, शिमला जिला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रदेश संगठन सचिव रितेश कपरेट, युकां अध्यक्ष मनीष ठाकुर, कर्ण नन्दा इत्यादि मौजूद रहे। विकास में हिमाचल की अनदेखी: रोहित पूर्व सीपीएस रोहित ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में विकास के मामले में हिमाचल की अनदेखी हुई। चार-चार भाजपा सांसद होने के बावजूद कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं आया। पूर्व यूपीए सरकार के प्रोजेक्ट भी ठप पड़े हुए हैं। उन्होंने हमेशा सेवा की राजनीति की है। जुब्बल-कोटखाई की जनता का दुख-दर्द दूर करने के लिए वह 24 घण्टे हाजिर हैं। सड़कें जर्जर, सरकार मरम्मत कराने में नाकाम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथों लिया है।

उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का एक साल पूरा होने जा रहा है। छह महीने सरकार ने हनीमून पीरियड में गुजार दिए। उसके बाद प्रदेश की जनता की सुध लेनी चाहिए थी, लेकिन सरकार सत्ता के नशे में चूर है। प्रदेश की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थिति यह है कि सड़क में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़कें हो गई हैं। इसलिए सरकार तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराए। उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कराने में भी भाजपा सरकार नाकाम रही है। एनएच की डीपीआर तक नहीं बन पाई। शिमला जिले का विकास पूर्व कांग्रेस सरकार की ही देन है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने ही विकास कराया है।

Ekta