विक्रमादित्य सिंह बोले- लोगों की समस्याओं को दूर करना मेरी पहली प्राथमिकता

Saturday, Sep 14, 2019 - 04:49 PM (IST)

शिमला (योगराज): कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का विकास और क्षेत्र के लोगों की समस्या देखना और उनको दूर करने उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए वह दिन-रात लगे रहते हैं। वह शनिवार को विधानसभा क्षेत्र की पाहल पंचायत में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे।

वीरभद्र ने विकास के पथ पर अग्रसर किया हिमाचल

उन्होंने कहा कि उनके पिता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूरे प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया। प्रदेश का आज कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां सड़क, पेयजल, शिक्षा या स्वास्थ्य सुविधा का अभाव हो। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र उनका चुनाव क्षेत्र रहा है तथा अब उनका हो गया है इसलिए यह क्षेत्र उनकी कर्मभूमि बन गई है।

महीने में 15 दिन रहते हैं चुनाव क्षेत्र के दौरे पर

उन्होंने कहा कि वह महीने में 15 दिन अपने चुनाव क्षेत्र के दौरे पर रहते हैं। इसके पीछे उनका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों से सीधे तौर पर संवाद करना और उनकी समस्याओं को देखना है। उन्होंने कहा कि वह शिमला ग्रामीण के लोगों के आशीर्वाद से विधायक बने हैं, इसलिए उनकी समस्याओं को उनके घर-द्वार जाकर दूर करना उनका कर्तव्य ही नहीं उनका कार्य भी है।

कोई भी समस्या हो तो सीधे करें संपर्क

उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे क्षेत्र के विकास और किसी भी समस्या के लिए कभी भी उनसे सीधे संपर्क कर सकते हंै। उन्होंने इस अवसर पर पाहल पंचयात के विकास कार्यों के साथ-साथ युवक मंडल, महिला मंडल और सांस्कृतिक कार्यों के लिए अपनी विधयाक निधि से 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया।

Vijay