धर्मशाला नगर निगम चुनाव में BJP की जीत पर विधायक सुधीर शर्मा ने जताई खुशी, बोले- 5 सीटों पर सिमटी कांग्रेस
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 03:19 PM (IST)
Dharamshala News : भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता और धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने धर्मशाला नगर निगम चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि ये नतीजे राज्य सरकार के खिलाफ जनता के गुस्से को दर्शाते हैं।
पांच सीटों पर सिमट गई कांग्रेस
शर्मा ने रविवार को कहा कि धर्मशाला नगर निगम की 17 सीटों में से भाजपा ने 11 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस केवल पांच सीटों पर सिमट गयी और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गयी है। उन्होंने कहा कि इस परिणाम ने साफ कर दिया है कि मतदाताओं ने कांग्रेस के खिलाफ और भाजपा के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिसके चलते लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के मतदाताओं ने विकास, सुशासन और जन-केंद्रित राजनीति में अपना विश्वास जताया है।
"जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार काम करती रहेगी BJP"
विधायक सुधीर शर्मा के मुताबिक, यह जीत विकासोन्मुख शासन मॉडल, कल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता के समर्थन को भी दर्शाती है। शर्मा ने विजयी भाजपा उम्मीदवारों, पार्टी कार्यकर्ताओं और धर्मशाला की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा शहर के विकास को गति देने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार काम करती रहेगी।

