संगठन वाले संगठन व राजनीति वाले राजनीति का काम देखें : रमेश धवाला

Saturday, Jul 20, 2019 - 11:07 PM (IST)

शिमला: भाजपा के भीतर जारी ज्वालामुखी विवाद फिलहाल सुलझता नजर नहीं आ रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की इस सिलसिले में विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला के साथ ज्वालामुखी से आए भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं से मंत्रणा हुई। रमेश धवाला ने इस दौरान स्पष्ट कहा कि संगठन देखने वालों को संगठन और राजनीति कर रहे नेताओं को राजनीति करने देनी चाहिए। उन्होंने इस तरह अप्रत्यक्ष तौर पर संगठन के एक बड़े नेता पर भी निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग मुख्यमंत्री के पास उनकी शिकायत करने आए थे, उसमें कांग्रेस समर्मित 10 प्रधानों के अलावा वह लोग थे, जिन्होंने भाजपा के झंडे जलाने का काम किया है।

संगठन में डेढ़ साल से चल रही हैं ऐसी कुछ गतिविधियां

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन में इस तरह की कुछ गतिविधियां पिछले डेढ़ साल से चल रही हैं। उन्होंने इसकी शिकायत पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रहे रामलाल को भी की थी। इसके बावजूद ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने की बजाय उल्टा संरक्षण दिया गया। इसमें कुशल ठाकुर को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, अभिषेक को संगठन तथा एक अन्य नेता को स्टैंडिंग काऊंसिल में जगह दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुशल ठाकुर के बूथ से लोकसभा चुनाव में प्रचंड मोदी लहर के बावजूद कांग्रेस को लीड मिली। यही स्थिति विधानसभा चुनाव के दौरान भी रही।

विधायक की राय लिए बिना सत्ता और संगठन में जगह देना सही नहीं

उन्होंने कहा कि विधायक की राय लिए बिना ऐसे लोगों को सत्ता और संगठन में जगह देना सही नहीं है, जो पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हंै। इससे पार्टी के भीतर निष्ठावान कार्यकर्ताओं का मनोबल भी गिरता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह खेल उनके विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, कई अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसा चल रहा है। इसे देखते हुए संगठन के भीतर आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है।

40 साल से राजनीति में, चौथी बार विधायक भी बने

उन्होंने कहा कि वे 40 साल से राजनीति में हैं और चौथी बार विधायक भी बने हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोग जानते हैं कि कौन चोर और कौन ईमानदार है। रमेश धवाला और उनके साथ आए नेताओं व कार्यकर्ताओं का पक्ष सुनने के बाद यह निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और विधायक रमेश धवाला इस मसले को मिलकर सुलझाएंगे। उधर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भी इससे पहले गत शुक्रवार शाम को विधायक रमेश धवाला से चर्चा की। उनकी तरफ से भी मामले को सुलझा लिए जाने का दावा किया गया है। 

ज्वालामुखी भाजपा में सब कुछ ठीक, समाधान निकाला जाएगा : जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ज्वालामुखी भाजपा में सब कुछ सामान्य है तथा यह परिवार का विषय है, जिसका जल्द समाधान निकल आएगा। उन्होंने कहा कि रमेश धवाला ने कुछ विषय सामने रखे हैं, जिन्हें ध्यानपूर्वक सुना गया है। उन्होंने कहा कि कई बार काम करते समय ऐसे मतभेद सामने आ जाते हैं लेकिन ऐसा नहीं है कि इसका समाधान न निकल सके। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष पद से इंदू गोस्वामी के त्यागपत्र देने को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ा है और उनके स्थान पर वरिष्ठ महिला नेत्री धनेश्वरी ठाकुर को यह दायित्व सौंपा गया है। यह संगठन का विषय है, जिसकी उनको अधिक जानकारी नहीं है।

Vijay