इस चमत्कारी कुंड में स्नान करने से दूर होता है चर्म रोग

punjabkesari.in Wednesday, Aug 14, 2019 - 05:46 PM (IST)

भराड़ी: हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत दधोल के अंतर्गत आने वाले गांव दधोल स्थित मंगलौत कुंड न जाने कितने ही रहस्य अपनी गहराई में छुपाए हुए है। माना 21वीं सदी है लेकिन अगर आस्था है तो कोई और बात करना बेमानी हो जाती है। लोग आज भी दूरदराज से इस कुंड के चमत्कारिक पानी से नहाने आते हैं। ऐसा माना जाता है कि मंगलवार एवं शनिवार के दिन इस कुंड के पानी से स्नान करने से असाध्य चर्म रोग तक ठीक हो जाते हैं। कुंड के भीतर उतर कर स्नान करना वर्जित माना गया है। कुंड के आसपास प्रकृति के अनुपम सौंदर्य को अनुभव किया जा सकता है।

कुंड से जुड़ी है एक रोचक किंवदंती

इससे जुड़ी एक रोचक किंवदंती है कि प्राचीन समय में यहां गांव के किसी भी घर में यदि सामूहिक भोज का आयोजन होना होता था तो परिवार के सदस्य यहां आकर मन्नत मांगते थे और उन्हें उनकी सुविधानुसार खाना बनाने के लिए बर्तन प्राप्त हो जाते थे। बाद में उन्हें इसी स्थान पर बर्तनों को साफ कर लौटाना पड़ता था परंतु एक बार किसी द्वारा बर्तन बिना साफ  किए ही इस स्थान पर रख दिए गए, परिणामस्वरूप कुंड से बर्तन प्राप्त होने का अनोखा वरदान हमेशा के लिए समाप्त हो गया।

आज तक कोई नहीं माप पाया कुंड की गहराई

बुजुर्गों के अनुसार यह कुंड बान के रस्से से बनी हुई 7 चारपाइयों में जो रस्सा लगा हुआ है उसके बराबर गहरा है। आज तक कोई भी गोताखोर इसकी गहराई नहीं माप पाया है। यहां हर रोज कोई न कोई रोगी आता रहता है और यहां मान्यता है कि स्नान करने के बाद पीछे मुड़कर न देखें। जो रोगी यहां स्नान के लिए आए हुए थे उनसे इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें यहां स्नान करने के बाद काफी हद तक राहत मिलती है। इन्हीं मान्यताओं के कारण लोग यहां काफी वर्षों से आ रहे हैं। स्थानीय पंचायत प्रधान बलदेव सिंह, उपप्रधान पुरुषोत्तम शर्मा व पंचायत समिति सदस्य बलवंत कमल ने हिमाचल प्रदेश सरकार से इस स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News