Hamirpur: नाके पर रुकने का किया इशारा तो नाबालिग ने दौड़ा दी बाइक, ट्रैफिक पुलिस कर्मी का कर दिया ऐसा हाल
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 12:48 PM (IST)
हमीरपुर (अजय): शहर के स्थानीय बस अड्डे के पास वाहन चैकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मी को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में ट्रैफिक कर्मी मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर हमीरपुर बस अड्डे के समीप ट्रैफिक पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नाका लगा रखा था। इसी बीच कांगड़ा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को ट्रैफिक कर्मी मोनू ने रुकने का इशारा किया। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने हैल्मेट नहीं पहना था और वाहन पर टेपिंग की गई थी। पुलिस कर्मी द्वारा रोके जाने पर चालक ने रुकने की बजाय बाइक की रफ्तार और बढ़ा दी। ट्रैफिक कर्मी मोनू ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पास ही बनी एक तंग नाली में जा घुसी और गिरने के बाद भी करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में ट्रैफिक कर्मी मोनू को सिर, मुंह और बाजू पर गहरी चोटें आई हैं। तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना का शिकार हुए मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक भी घायल हुए हैं, जिनकी टांगों, बाजू और मुंह पर चोटें लगी हैं। घायल ट्रैफिक कर्मी तथा बाइक सवारों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मोटरसाइकिल को निहारी रक्कड़ जिला कांगड़ा का नाबालिग युवक चला रहा था, जबकि उसके पीछे मोहम्मद रफीक पुत्र अनवर मोहम्मद निवासी कोल्हापुर तहसील रक्कड़ जिला कांगड़ा बैठा हुआ था, जिसने हैल्मेट नहीं पहना था। इसके अलावा मोटरसाइकिल की बॉडी पर संदिग्ध रूप से टेपिंग भी की गई थी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। तत्परता दिखाते हुए नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

