हिमाचल प्रदेश में सुबह 10 से शाम इतने बजे तक खुले रहेंगे बैंक

Saturday, Sep 28, 2019 - 10:49 AM (IST)

शिमला (अम्बादत): वित्त मंत्रालय भारत सरकार ने समान बैंकिंग कार्यघंटों के विस्तार करने के लिए पूरे भारतवर्ष में एक समान बैंकिंग कार्यघंटों को अपनाने का निर्णय लिया है और भारतीय बैंक संघ (आई.बी.ए) द्वारा भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इस निर्देश के अनुसार हिमाचल प्रदेश में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बैंक खुले रहेंगे, जबकि पहले कुछ बैंकों का समय खुलने व बंद होने का अलग समय होता था।

सह महाप्रबंधक एवं इंचार्ज राज्य बैंकर्स समिति हिमाचल प्रदेश के पी.के. शर्मा ने कहा कि इस व्यवस्था के लिए स्थापित उप समिति द्वारा अखिल भारत आधारित ग्राहक बैंकिंग कार्यघंटों के लिए 3 स्लैब निर्धारित किए गए हैं। इसमें सुबह 9 से 3 बजे तक, सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और सुबह 11 बजे से 5 बजे तक की पहले मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए जिला स्तर पर यह स्लैब सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिला बैंकों द्वारा जिला स्तरीय समन्वय समितियों से विचार-विमर्श उपरांत अपनाया गया।

राज्य स्तर पर अनुमोदन प्राप्त करने के लिए राज्य स्तरीय बैंकर्ज समिति को सिफारिश की गई थी। शर्मा ने कहा कि मुख्य सचिव, वित्त हिमाचल प्रदेश सरकार की अध्यक्षता में 24 सितम्बर को आयोजित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में उक्त स्लॉट सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनुमोदित किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय अखिल भारतीय आधार पर समान बैंकिंग कार्य घंटे के रूप में लागू रहेगा।
 

kirti