पूर्व मंत्री के वक्तव्य पर बिफरे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, बोले-प्रदेश सरकार की तुलना पाकिस्तान से करना निंदनीय

Sunday, Mar 05, 2023 - 09:40 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज के उस वक्तव्य की निंदा की है, जिसमें उन्होंने प्रदेश सरकार की तुलना पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार से की है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भारद्वाज का यह वक्तव्य उनकी मानसिक स्थिति को दर्शा रहा है। देवभूमि हिमाचल की लोकप्रिय सरकार की तुलना पाकिस्तान से करना अनैतिक और निंदनीय है। विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि वर्तमान सरकार पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपनी पूर्व सरकार के कामकाज की समीक्षा अवश्य करनी चाहिए, तभी उन्हें यह ज्ञात होगा कि उन्होंने प्रदेश की व्यवस्था को किस तरह पटरी से उतार दिया था और यही कारण है कि उन्हें प्रदेश की जनता ने सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता से बेदखल होकर भाजपा नेता अब सुर्खियों में बने रहने के लिए आधारहीन और बेतुके बयान दे रहे हैं, जो प्रदेश व राष्ट्रहित में नहीं हैं। 

हिमाचल की आर्थिक बदहाली के लिए पूर्व सरकार का वित्तीय कुप्रबंधन जिम्मेदार
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण हिमाचल की आर्थिक स्थिति बदहाल हुई है। अब वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सशक्त प्रयास कर रही है। सरकार के यही सकारात्मक प्रयास भाजपा के नेताओं को रास नहीं आ रहे और वह अनाप-शनाप बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने की कोशिशें कर रहे हैं। 

पूर्व भाजपा सरकार की पहले 4 साल की कोई उपलब्धि नहीं
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार अपने कार्यकाल के पहले 4 वर्ष में जब कोई उपलब्धि अर्जित नहीं कर पाई तो उन्होंने अन्तिम 6 माह में बिना बजट प्रावधान के 900 से अधिक नए संस्थान खोलकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदेश की जनता बहुत समझदार है। जनता ने उन्हें दरकिनार कर कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की बागडोर सौंपी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay