हम बदले की भावना से काम करने वालों में से नहीं, सराज में पूरे करेंगे विकास कार्य : विक्रमादित्य सिंह

Sunday, Feb 04, 2024 - 09:43 PM (IST)

पंडोह (विशाल): प्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए आपदा राहत पैकेज का सर्वाधिक पैसा सराज विधानसभा क्षेत्र में बांटा गया है। यह बात लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले बाखली गांव में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कही। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सराज में आपदा के कारण बहुत ज्यादा नुक्सान हुआ है और यहां कई लोगों के घर टूटने के साथ-साथ सरकारी व निजी संपत्ति को काफी नुक्सान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि वे बदले की भावना से काम करने वालों में से नहीं हैं, पूर्व की जयराम सरकार ने सराज विधानसभा क्षेत्र में विकास के जो कार्य शुरू किए थे, उन्हें मौजूदा सरकार हर हाल में पूरा करेगी ताकि लोगों को उनका लाभ मिल सके। विक्रमादित्य सिंह ने राम मंदिर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी की पर्सनल जागीर नहीं हैं, वे सबके हैं। प्रदेश के देवी-देवताओं का आशीर्वाद तो उन्हें प्राप्त ही है लेकिन वे अयोध्या से प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद भी ले आए हैं। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनका मौके पर निपटारा भी किया।

पूर्व सरकार ने सिर्फ सराज पर ही फोकस रखा : प्रतिभा  सिंह
सांसद एवं कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि जयराम ठाकुर ने सीएम रहते हुए सारी मशीनरी सराज में तैनात कर दी, जिस कारण यहां इतना ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा कर दिया, जो आज सफेद हाथी बनकर रह गया है। आज सराज में बने भवनों की देखरेख करने के लिए चौकीदार तक नहीं है। पूर्व सरकार ने सिर्फ सराज पर ही फोकस रखा और बाकी क्षेत्रों के साथ भेदभाव किया। जब भी प्रदेश में भाजपा की सरकारें बनती हैं तो वे भेदभाव की नीति के साथ काम करती हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay