पार्टी का मान-सम्मान रखना मेरा दायित्व, पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेंगे : विक्रमादित्य सिंह

Sunday, Apr 14, 2024 - 06:34 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी बनाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने रामपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि जो पार्टी के माध्यम से उनको जिम्मेदारी मिली है, उसे वह पूरी जिम्मेदारी व निष्ठापूर्वक निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के माध्यम से मुझे जो नेतृत्व मिला है, उसे भी निभाने का पूरा प्रयास किया है। पार्टी का मान-सम्मान रखना मेरा दायित्व है, इसलिए पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की विरासत हमारे साथ है और हमेशा दलगत नीति से ऊपर उठकर कार्य करने में विश्वास किया। यह चुनाव किसी व्यक्ति विशेष को लेकर नहीं लड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह चुनाव विकास के मुद्दों पर लड़ा जाएगा। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को लेकर बताया कि आपदा के समय भी उनको लोगों के बीच होना चाहिए था। उस समय वह प्रदेश के लोगों के बीच नहीं थीं।

17 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक कार्यकर्त्ताओं से संवाद का होगा प्रयास
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण का विकास मॉडल तैयार किया गया है, उसी तरह देश के मानचित्र पर मंडी संसदीय क्षेत्र को भी लाने का कार्य किया जाएगा और मंडी संसदीय क्षेत्र की आवाज उठाएंगे। शिमला में आगामी चुनाव को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी। 17 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर बूथ स्तर तक कार्यकर्त्ताओं से संवाद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विपक्षी पार्टी के पास धन बल की कोई कमी नहीं है और इस धन बल को जन बल से हराया जाएगा। संकल्प लेकर जनता के बीच जाना है और केन्द्र सरकार की दमनकारी नीतियां का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज सीबीआई व ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि जो इनकी बात मानते हैं उन्हें रातोंरात वाशिंग मशीन में डालकर साफ कर दिया जाता है, लेकिन हमें इसको लेकर आवाज उठानी है।

कांग्रेस पार्टी को हिंदुत्व विरोधी बताने का चलाया जा रहा प्रोपेगंडा 
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र काफी बड़ा है और वह हर एक व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी को हिंदुत्व विरोधी बताने का प्रोपेगंडा चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण विरोधी कानून पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के समय में लाया गया। इसके अलावा नजराना बढ़ाने की बात हो या देव सदन बनाने की पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हिंदुत्व को आगे बढ़ाने का काम किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह कंगना रणौत का सम्मान करते हैं जिन्हें भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। कंगना रणौत को आंकड़ों पर बात करनी चाहिए कि मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए उनका क्या विजन है। प्रदेश के भाजपा नेता जिन मुद्दों पर बात नहीं कर रहे हैं, कंगना उन पर बोल रही हैं। आने वाले समय में पूरा विजन डॉक्यूमैंट मंडी की जनता के सामने रखेंगे और मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay