Solan: मंत्री जगत सिंह नेगी ने विक्रमादित्य सिंह पर फिर साधा निशाना, कही ये बड़ी बात
punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 10:39 PM (IST)
सोलन (नरेश पाल): सुक्खू सरकार के कैबिनेट मंत्रियों के बीच चला वाकयुद्ध थमता नजर नहीं आ रहा है। सरकार के मंत्री 2 गुटों में बंटते नजर आ रहे हैं। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने उनका नाम लिए बिना कहा कि जो भी हो रहा है, वह ठीक नहीं है। जो फैसला न ले पाएं और जनता के बीच जाकर अपनी बात रखते हैं, मैं समझता हूं वह ठीक नहीं है। उन्होंने नौणी विश्वविद्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि सरकार में जिन लोगों को दायित्व मिला है, उनकाे अपनी बात रखने के लिए अलग प्लेटफार्म है। उनको उस पर अपनी बात रखनी चाहिए।
कीटनाशक दवाइयों की कीमतें हाेंगी नियंत्रित, कानून बनाने पर विचार कर रही सरकार
जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार कीटनाशक दवाइयों की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कानून बनाने पर विचार कर रही है। वर्तमान में इनकी कीमतों पर कोई नियंत्रण नहीं है। यही कारण है कि इन दवाओं की कीमतें बहुत अधिक हैं। उन्होंने कहा कि भांग की खेती सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए कृषि विश्वविद्यालय व बागवानी विश्वविद्यालय को फंड जारी किए गए हैं। इसकी खेती जल्द शुरू हो, ताकि किसानों व बागवानों की आर्थिकी मजबूत हो। इसकी 2 तरह की खेती होगी। एक औद्योगिक जो पूरे प्रदेश में होगी और औषधीय यह चिन्हित क्षेत्रों में होगी। सरकार द्वारा दोनों खेती के लिए अलग-अलग एसओपी बनाई जाएंगी।

