हिमाचल में जल्द भरे जाएंगे पटवारी के 875 पद : जगत सिंह नेगी

Sunday, Dec 17, 2023 - 10:13 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): राजस्व व बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि राज्य में राजस्व मामलों के जल्द निपटारे के लिए उनका विभाग पटवारी के 875 पदों पर लोक सेवा आयोग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने जा रहा है। इस भर्ती में चयनित पटवारियों का 2 साल का प्रशिक्षण पूरा होने तक विभाग सेवानिवृत्त कानूनगो, पटवारियों व नायब तहसीलदारों की सेवाएं लेगा, जिन्हें अनुबंध आधार पर तय वेतन दिया जाएगा। जगत सिंह नेगी ने बैजनाथ में पंजाब केसरी से खास मुलाकात में कहा कि बीते 3 साल से विभाग में पटवारियों की भर्ती नहीं हुई है। इस लंबे गैप को पाटने के लिए सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा है। 

विशेष राजस्व लोक अदालत के आयोजन का भी हो रहा खाका तैयार
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में आयोजित विशेष इंतकाल अदालतों में मिले बेहतर नतीजों के बाद विभाग जल्द ही लोगों के निशानदेही व तकसीम के मामलों के आपसी सहमति से निपटारे के लिए विशेष राजस्व लोक अदालत के आयोजन का भी खाका तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि नए राजस्व कानून में मामलों के समयबद्ध निपटारे के लिए विभाग लक्ष्य तय करेगा व इसके लिए राजस्व अधिकारियों की सभी दिक्कतों को हल किया जाएगा। कुछ जिलों में स्टाफ की भी कमी है जिसे दूर किया जाएगा। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को तंग नहीं किया जाएगा। उनकी सभी शंकाओं को दूर किया जाएगा।

निचले हिमाचल में स्थापित किए जाएंगे भंडारण केंद्र
जगत सिंह नेगी ने खुलासा किया कि निचले हिमाचल में आम, अमरूद व नींबू प्रजाति के फलों के लिए शिवा परियोजना के तहत भंडारण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बिलासपुर के नम्होल में शिवा प्रोजैक्ट के तहत बागवानों के लिए 14 करोड़ की लागत से सैंटर ऑफ एक्सीलैंस ट्रेनिंग सैंटर स्थापित किया जा रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay