Himachal: मंत्री चंद्र कुमार ने अपनी ही पार्टी पर साधा निशाना, बोले-प्रदेश में कांग्रेस संगठन हुआ पैरालाइज्ड

punjabkesari.in Tuesday, Feb 11, 2025 - 05:59 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): दिल्ली चुनावों में कांग्रेस की करारी हार तथा हिमाचल में कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन न होने को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का संगठन पैरालाइज्ड हो गया है, जिसे पार्टी हाईकमान को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि काफी लंबे समय से राज्य में फिर से कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ है और न ही चुनावों को लेकर संगठन ने कोई आदेश दिए हैं। 

संगठन के बलबूते ही सत्ता में आती है पार्टी 
शिमला में मंगलवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन व सरकार साथ-साथ चलते हैं। यदि संगठन मजबूत होगा, तभी पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यदि संगठन है, तभी सरकार है। बिना संगठन के सरकार बनाना मुश्किल है। संगठन के बलबूते ही पार्टी सत्ता में आती है। ऐसे में इन सब चीजों को हमें गंभीरता से लेना चाहिए। पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में पार्टी ने चुनाव गंभीरता से नहीं लड़ा। जब चुनाव सिर पर आता है, उस समय कांग्रेस प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारती है, जबकि जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत होना चाहिए। जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा, तब तक चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनावों के परिणाम संतोषजनक नहीं रहे।

किसानों से खरीदी 1.40 करोड़ की मक्की
मंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों से 1.40 करोड़ रुपए की मक्की खरीद कर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता निगम को दी है। इसका आटा निगम द्वारा लोगों को मुहैया करवाया जा रहा है। यह मक्की प्राकृतिक रूप से उगाई गई है। किसानों से 30 रुपए किलो के हिसाब से मक्की खरीदी जा रही है, जबकि उपभोक्ताओं को 40 से 50 रुपए किलो के हिसाब से मक्की का आटा बेचा जा रहा है।

सरकार ने किसानों से खरीदा डेढ़ करोड़ का गोबर
मंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों से डेढ़ करोड़ रुपए की गोबर खाद खरीदी है। कांग्रेस पार्टी ने 2 रुपए किलो गोबर खरीद की गारंटी चुनावी घोषणा पत्र में दी थी, जिसे पूरा करते हुए अब किसानों से 3 रुपए के हिसाब से गोबर खरीदा जा रहा है। अभी तक सरकार ने किसानों से डेढ़ करोड़ का गोबर खरीदा है। यदि जरूरत पड़ी तो किसानों के लिए गोबर खरीद के पैसे को और बढ़ाया जा सकता है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News