नदी किनारे कपड़े धोने गया था मजदूर, अचानक हो गया ये दर्दनाक हादसा

Friday, May 22, 2020 - 09:52 PM (IST)

धर्मपुर (ब्यूरो): उपमंडल धर्मपुर के तहत सिद्धपुर से बहती ब्यास नदी में एक प्रवासी मजदूर के डूबने का समाचार है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक प्रवासी मजदूर नसीब सिंह पुत्र महबूब सहारनपुर यूपी जोकि विप्रो कंपनी में जाला बुनने का काम करता है, शुक्रवार दोपहर को कपड़े धोने ब्यास नदी के किनारे गया था। इस दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया और वह नदी में डूब गया।

घटना के समय उसके साथ उन्य 2 प्रवासी मजदूर भी थे, जिन्होंने उसके पानी में डूबते ही शोर मचाया तथा उसे बचाने की कोशिश की लेकिन पानी की गहराई में उसका कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस थाना धर्मपुर में घटनाक्रम का पता चलते ही आईओ हेमराज शर्मा अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और नसीब सिंह को ढूंढना शुरू किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

Vijay