MHRD ने हिमाचल को जारी किया 98 करोड़ का बजट, प्राथमिक शिक्षा पर खर्च होंगे इतने करोड़

Friday, Jul 19, 2019 - 10:17 PM (IST)

शिमला: मानव संसधान विकास मंत्रालय ने प्रदेश को एस.एस.ए. के वर्ष 2019-20 के स्वीकृत बजट में से 98 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी है। यह राशि समग्र शिक्षा अभियान प्राथमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा पर खर्च करेगा। इस बजट से 72 करोड़ रुपए प्राथमिक और उच्च शिक्षा विभाग के लिए 16 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक एस.एस.ए. ने प्रदेश के 15,000 स्कूलों को यह बजट जारी कर दिया है। इससे स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर व ठप्प पड़े कई विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसके साथ स्कूलों में छात्रों को स्मार्ट क्लास रूम बनाने के लिए भी यह बजट जारी किया जाएगा। स्कूलों में ऑनलाइन स्टडी व प्री-नर्सरी कक्षाएं इस बजट से शुरू हो सकेंगी। इसके साथ वोकेशनल शिक्षा पर भी यह बजट खर्च किया जाएगा। 

बजट कहां खर्च किया, देना होगा ब्यौरा

एस.एस.ए. की ओर से जारी निर्देशों में स्कूलों को बजट खर्च का पूरा ब्यौरा देने को कहा गया है ताकि इसका पूरा रिकार्ड मैंटेन किया जा सके। इसके बाद विभाग एम.एच.आर.डी. को स्कूलों के यु.सी. भेजेगा। इसके बाद ही एम.एच.आर.डी. प्रदेश को अगली किस्त जारी करेगा। यहां बता दें कि एम.एच.आर.डी. ने समय पर यु.सी. न भेजने पर स्कूलों का बजट रोकने के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा दूसरी किस्त के लिए प्रदेश को 98 करोड़ रुपए के युटिलाइजेशन सर्टीफिकेट एम.एच.आर.डी. को भेजने होंगे।

बजट से स्कूलों में विकास कार्यों को मिलेगी गति

समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि  मानव संसाधन मंत्रालय ने प्रदेश को 98 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी की है और इस बजट को स्कूलों को आबंटित भी कर दिया है। 72 करोड़ रुपए प्राथमिक और 16 करोड़ रुपए उच्च शिक्षा के लिए दिए गए हैं। इस बजट से स्कूलों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Vijay