अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले में आए व्यापारियों ने रामपुर में किया प्रदर्शन, जानिए क्या है वजह

Saturday, Nov 30, 2019 - 07:45 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): शिमला जिला के रामपुर लवी मेला मैदान के व्यापारियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए दुकाने बंद रखीं। उनकी मांग है की उन्हें पूर्व के वर्षों की तरह 10 दिसम्बर तक व्यापार करने का मौका दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों व्यापारी आते हैं। इसके अलावा किन्नौर और आसपास के लोग भी अपने उत्पादों को बेचने इस मेले में आते हैं।

उल्लेखनीय है कि रामपुर बुशहर में भारत तिब्बत व्यापारिक संबंधों के प्रतीक के रूप में 11 से 14 नवम्बर तक अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले का आयोजन किया जाता है लेकिन अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला संपन्न होने के बाद व्यापारिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं। इस बार प्रशासन ने स्थानीय व्यापारियों और शिक्षण संस्थानों की आपत्ति के बाद 1 दिसम्बर तक मेला मैदान के व्यापारियों को दुकानें समेटने के निर्देश दिए हैं। इस से नाराज होकर व्यापारियों ने रामपुर में प्रदर्शन किया तथा पूर्व की भांति 10 दिसम्बर की तक दुकानें लगाने की मोहलत मांगी है।

किसान नेता बिहारी सेवगी ने बताया कि लवी मेले में इस बार 10 दिसम्बर की बजाय 1 दिसम्बर को ही स्टाल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वे प्रशासन से मांग करते है कि व्यापरियों और किसानो को मेला मैदान में बैठने दिया जाए। वहीं स्थानीय  महिला व्यापारी प्रतिभा ने बताया कि हम हर साल मेला लगाते हैं। इस बार जल्दी व्यपारियों को उठाया जा रहा है। अभी कर्मचारियों और दूसरे कामगारों को एक दिसबर के बाद वेतन मिलना है, उसके बाद ही खरीद-फरोख्त होगी।

हरियाणा से आए सचिन ने बताया कि मेन खरीददारी एक से 10 तक होती है। इस दौरान सब को वेतन मिलता है लेकिन इस बार पहले ही दुकानदारों को मेला स्थल से हटाया जा रहा है, ऐसे में व्यापारियों को नुक्सान होगा। पंजाबी व्यापरी ने बताया कि इस बार जल्दी मैदान से उठाया जा रहा है, जिससे उन्हें नुकसान होगा। वैसे भी इस बार मंदी छाई है।

Vijay