हमीरपुर में मेरा युवा भारत ने मनाई डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती, दी श्रद्धांजलि
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 02:48 PM (IST)
हमीरपुर। मेरा युवा भारत (MY Bharat) हमीरपुर द्वारा सोमवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डीसी कार्यालय परिसर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा की स्वयंसेवकों द्वारा साफ-सफाई की गई और माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा शामिल हुए। उन्होंने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनके द्वारा दिखाए गए समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने बताया कि MY Bharat के स्वयंसेवकों ने जिले के सभी ब्लॉकों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए।स्वयंसेवकों ने प्रतिमाओं की साफ-सफाई के साथ-साथ डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर चर्चा की और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों और युवाओं ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज में शिक्षा, समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने की शपथ ली।

