हिमाचल में अवैध तरीके से चल रही 1400 वोल्वो बसें, HRTC को हर दिन लग रहा लाखों का चूना (Video)

Thursday, Feb 06, 2020 - 05:40 PM (IST)

नाहन (सतीश): हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने नाहन में लंबे समय से चली आ रही अपनी समस्याओं को लेकर मंथन किया। प्रदेश में अवैध तरीके से चल रही वोल्वो बसों के संचालन पर भी मजदूर संघ ने सवाल उठाए हैं। मजदूर संघ के मुताबिक मौजूदा समय में प्रदेश में करीब 1400 निजी बसें चल रही हैं जिनसे सीधा नुक्सान एचआरटीसी प्रबंधन को हो रहा है क्योंकि इससे एचआरटीसी की बसें खाली चल रही हैं। अंदाजन हर डिपो को रोजाना करीबन 2 लाख रुपए का नुक्सान हो रहा है। लिहाजा इस बारे में सरकार को गंभीर होने की आवश्यकता है जबकि ऐसा कुछ सरकार की तरफ से दिखता नजर नहीं आ रहा है।

जयराम सरकार में बसों की कमी से जूझ रहा एचआरटीसी

मजदूर संघ का यह भी कहना है कि वर्तमान जयराम सरकार के कार्यकाल में एक भी नहीं बस एचआरटीसी के बेड़े में शामिल नहीं हुई है। यही कारण है कि महकमा बसों की कमी से भी जूझ रहा है। मीडिया से बात करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष जसमेर राणा ने कहा कि परिवहन निगम चालक-परिचालकों की भारी कमी से जूझ रहा है, वहीं लंबे समय से निगम में काम कर रहे कई कर्मचारी अभी भी नियमित नहीं हुए हैं जिससे वे वित्तीय लाभ से वंचित रह रहे हैं। संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि सरकार परिवहन निगम में काम कर रहे कर्मचारियों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करे।

मांगों को लेकर देश व प्रदेश स्तर होंगे प्रदर्शन

संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि संघ कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर देश व प्रदेश स्तर पर भी प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि 19 फरवरी को मजदूर संघ के बैनर तले दिल्ली के जंतर मंतर पर जबकि मार्च माह में हिमाचल प्रदेश में भी कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक के बाद हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के नाहन यूनिट के चुनाव भी हुए जिसमें सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।

Vijay