इस बार नए स्वरूप में नजर आएगा मनाली विंटर कार्निवाल, जानिए क्या होगा खास

Friday, Dec 06, 2019 - 08:27 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): इस बार 2 जनवरी से मनाया जाने वाला मनाली का राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव नए स्वरूप में नजर आएगा। इसमें सांस्कृतिक, पर्यटन और विंटर स्पोर्ट्स से संबंधित गतिविधियों के अलावा आम लोगों व पर्यटकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को मनाली में राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव आयोजन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने आयोजन समिति के सरकारी और गैर-सरकारी सदस्यों के साथ शरदोत्सव के विभिन्न प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

सामूहिक नाटी में भाग लेंगी 4000 महिलाएं

उन्होंने कहा कि शरदोत्सव के मुख्य आकर्षणों में स्थानीय एवं विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झांकियां, विंटर क्विन स्पर्धाएं, वॉयस ऑफ  कार्निवल, बेबी शो, फैशन शो और सामूहिक नाटी रहेगी। उन्होंने बताया कि माल रोड पर आयोजित की जाने वाली सामूहिक नाटी में मनाली क्षेत्र के लगभग 120 महिला मंडलों की करीब 4000 महिलाएं भाग लेंगी। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए 15 प्रदेशों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। देश-विदेश के सैलानियों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक दल स्ट्रीट डांस करेंगे।

विंटर स्पोर्ट्स और एडवैंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए होंगी स्पर्धाएं

उन्होंने कहा कि शरदोत्सव के माध्यम से विंटर स्पोर्ट्स और एडवैंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए इनसे संबंधित स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की रस्साकशी व अन्य प्रतियोगिताएं भी होंगी। उन्होंने शरदोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, स्थानीय निकायों, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन अन्य संस्थाओं और समस्त क्षेत्रवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के विभिन्न प्रबंधों के लिए उपसमितियों का गठन कर दिया गया है। इन उपसमितियों के सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दें।

स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त शरदोत्सव मनाएंगे

मंत्री ने कहा कि शरदोत्सव के दौरान स्वच्छता पर विशेष फोकस किया जाएगा तथा उत्सव को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। इस संबंध में होटल एसोसिएशन और सभी होटलियरों से चर्चा की जाएगी। स्थानीय नगर परिषद 25 दिसम्बर से ही शहर में 3 शिफ्टों में सफाई आरंभ कर देगी और यह व्यवस्था 10 जनवरी तक जारी रहेगी। उत्सव से एक दिन पहले और समाप्ति के बाद मनाली में सामूहिक सफाई अभियान चलाया जाएगा।

5000 पौधे लगाकर देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शरदोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा और 5000 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मनाली के प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छ वातावरण और हरे-भरे जंगलों के कारण ही यहां देश-विदेश के पर्यटक आते हैं। इन्हें कायम रखना हर मनालीवासी का कत्र्तव्य है। शरदोत्सव के माध्यम से इस बार पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण का संदेश भी दिया जाएगा।

मोटर वाहन अधिनियम पर करेंगे जागरूक

आम लोगों को यातायात नियमों से अवगत करवाने तथा इनके अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय टैक्सी यूनियन, ट्रक व बस आप्रेटर यूनियन शरदोत्सव के दौरान अलग स्टाल लगाकर जागरूकता का संदेश देंगी। मनाली और इसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। वन मंत्री ने कहा कि शरदोत्सव के दौरान शहर के भीतर निजी वाहनों का अनावश्यक प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं अपने वाहन का कम से कम प्रयोग करेंगे। 

मनाली के सौंदर्य को निखारने के लिए कार्य करें अधिकारी

वन मंत्री ने कहा कि मनाली शहर के सौंदर्य को निखारने के लिए यहां के भवनों के डिजाइन एवं वास्तुकला में एकरूपता लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और नगर परिषद के पदाधिकारियों को इस दिशा में कार्य करने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों को मनाली में एक बड़े ऑडिटोरियम के निर्माण को प्राकलन तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम रमन घरसंगी ने शरदोत्सव की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इस अवसर पर स्थानीय नगर परिषद अध्यक्ष नीना ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन और अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Vijay