मैक्लोडगंज में गंदगी कर रही पर्यटकों का स्वागत

Monday, Jun 03, 2019 - 11:42 AM (IST)

धर्मशाला : पर्यटन सीजन के दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, महाराष्ट्र व पंजाब से धौलाधार की पहाडिय़ों में बसी पर्यटक नगरी मैक्लोडगंज की खूबसूरती का दीदार करने व मैदानी इलाकों में पडऩे वाली चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए अधिक संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। मैक्लोडगंज पहुंच रहे पर्यटकों को धौलाधार की खूबसूरती के साथ यहां पसरी गंदगी का भी दीदार हो रहा है। मैक्लोडगंज व भागसूनाग में फैली गंदगी प्रदेश के दूसरे नगर निगम धर्मशाला में स्वच्छता के मायने कुछ और बयां कर रही है। पर्यटन सीजन के दौरान यहां पर्यटकों की भरमार है तो दूसरी ओर शहर में गंदगी का अंबार।

एक ओर क्षेत्र में पर्यटन सीजन चरम पर है तो दूसरी ओर शहर में गंदगी का आलम पर्यटकों के समक्ष पर्यटन स्थल का विपरीत आईना दिखा रहा है। मैक्लोडगंज व भागसूनाग के स्थानीय लोगों की मानें तो नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी केवल एक ही समय आती है। लोगों का कहना है कि पीक पर चल रहे पर्यटन सीजन के दौरान नगर निगम को सुबह-शाम कचरे की गाड़ी को भेजना चाहिए ताकि पर्यटन नगरी का वातावरण साफ सुथरा रहे। नगर निगम के डिप्टी मेयर ओंकार नैहरिया ने कहा कि मैक्लोडगंज में रोजाना सफाई कर्मचारियों की गाड़ी कचरा उठाने के लिए भेजी जा रही है। मैक्लोडगंज व भागसूनाग में ज्यादा ट्रैफिक जाम होने के कारण हो सकता है गाड़ी न पहुंच पाई हो। कर्मचारियों को भेजकर फैले कचरे को उठाया जाएगा।

kirti