3300 भवन मालिकों को MC की चेतावनी, प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाओ नहीं तो कटेगा बिजली-पानी

Saturday, Nov 16, 2019 - 08:18 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): शिमला में 3300 भवन मालिकों को नगर निगम ने नोटिस जारी 21 दिन में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने को कहा है और टैक्स न देने पर निगम ने बिजली-पानी के कनैक्शन काटने का फरमान भी जारी कर दिया है। नगर निगम कई बार इन भवन मालिकों को नोटिस जारी कर चुका है लेकिन कोई भी भवन मालिक टैक्स जमा करवाने नहीं पहुंच रहा है। निगम ने एक्ट में संशोधन कर सरकार की मंजूरी के लिए भेजा है और अब टैक्स न देने वालों के बिजली-पानी के कनैक्शन काटे जाएंगे।

नगर निगम के 8 करोड़ रुपए पर मारी कुंडली

शहर में 3300 भवन मालिक नगर निगम के प्रोपर्टी टैक्स के 8 करोड़ रुपए दबाकर बैठे हैं। बता दें कि नगर निगम को आय का सबसे बड़ा स्रोत प्रोपर्टी टैक्स है। टैक्स से हर साल 20 करोड़ की आमदनी होती है, जिससे नगर निगम शहर में विकास कार्य करता है लेकिन भवन मालिकों द्वारा टैक्स न देने से नगर निगम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि नगर निगम ने प्रोपर्टी टैक्स में कुछ फीसदी छूट भी दी थी, बावजूद इसके टैक्स जमा नहीं करवाया है, ऐसे में अब नगर निगम ने पहली बार एक्ट 121 के तहत नोटिस देकर बिजली-पानी के कनैक्शन काटने की चेतावनी दी है।

क्या बोलीं महापौर कुसुम सदरेट

नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट ने कहा कि शहर में 3300 लोग टैक्स नहीं दे रहे हैं। इन भवन मालिकों को कई बार नोटिस भी जारी किया गया था लेकिन ये टैक्स जमा नहीं करवा रहे हंै। अब नगर निगम एक्ट में संशोधन करके बिजली-पानी के कनैक्शन काटने जा रहा है। मासिक बैठक में इसे मंजूरी दे दी है और जल्द ही शहर में जो टैक्स जमा नहीं करवाएगा, उसके बिजली-पानी के कनैक्शन काट दिए जाएंगे। उन्होंने शहरवासियों को जल्द टैक्स जमा करने की अपील की है।

Vijay