हमीरपुर में ट्राला जीप और ट्रक की जोरदार टक्कर, एक युवक की दर्दनाक मौत; ट्रॉले के उड़े परखच्चे
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 02:04 PM (IST)
Hamirpur Road Accident : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पर एक ट्राला जीप और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉले के परखच्चे उड़ गए। वहीं, इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह करीब 2:30 बजे शिमला-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर गांव ठमाणी-चमयाली के पास हुई। मृतक की पहचान रोहित पुत्र अजीत सिंह, निवासी नहलवीं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्राला जीप दूध की सप्लाई के लिए बिलासपुर की ओर जा रही थी। ट्राला को लवेश पटियाल (निवासी धनवीं जिला हमीरपुर) चला रहा था। इसमें लवेश का भाई शौर्य और दोस्त रोहित भी था। इस दौरान ठमाणी-चमयाली के पास ट्रॉले की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉले के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में ट्रॉले में सवार रोहित की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों भाई लवेश और शौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, घायलों का इलाज आरकेएमसी (राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) हमीरपुर में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

