कश्मीर में शहीद हुआ हिमाचल का लाल, राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

Friday, Jul 19, 2019 - 08:30 PM (IST)

भावानगर: कश्मीर के गुरेज सैक्टर में शहीद हुए जिला किन्नौर के निगुलसरी निवासी 24 वर्षीय जवान साहिल को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को कश्मीर के गुरेज सैक्टर में आतंकी ऑप्रेशन के दौरान निगुलसरी के ननस्पो गांव निवासी साहिल गोली लगने से शहीद हो गए थे, जिनका पार्थिव शरीर वीरवार देर रात उनके पैतृक गांव पहुंचा। शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ शहीद साहिल का अंतिम संस्कार किया गया। सेना की अवैरी पट्टी से आई टुकड़ी द्वारा उन्हें अंतिम सलामी दी गई।

5 भाई-बहनों में सबसे छोटे थे साहिल, 6 वर्ष पहले हुए थे सेना में भर्ती

5 भाई-बहनों में सबसे छोटा साहिल 6 वर्ष पहले ही सेना में भर्ती हुआ था। अभी साहिल का विवाह भी नहीं हुआ था। साहिल के पिता भागसुख, माता सेवादासी व बहनों चिन्ता देवी व विशेष कु मारी को तो विश्वास ही नहीं हो रहा है कि साहिल देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर चुका है।

शहादत पाने से पहले भाई और मां से की थी घर पर बात

19 डोगरा में तैनात साहिल ने बुधवार को ही अपने भाई विपन व मां से बात कर घर का कुशलक्षेम पूछा था। साहिल का दूसरा भाई आई.टी.बी.पी. में अपनी सेवाएं दे रहा है। जिला प्रशासन की ओर से एस.डी.एम. भावानगर मनमोहन सिंह भी शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त प्रदेश वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी, पूर्व विधायक तेजवंत नेगी, पूर्व सैनिक लीग के जिला किन्नौर अध्यक्ष के.एन. नेगी, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय लोग व भारी संख्या में भूतपूर्व सैनिक भी मौजूद थे।

Vijay