विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगल कर की आत्महत्या
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2020 - 05:58 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी) : उपमंडल अम्ब के तहत एक गाँव में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी अनुसार वीरवार दोपहर एक विवाहिता (26) ने घर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसे गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया लेकिन महिला की हालत ज्यादा नाजुक देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया। लेकिन उसके परिजन उसे दौलतपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से भी डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उसे आगे रेफर कर दिया।
परिजन उसे एम्बुलेंस में होशियारपुर (पंजाब) के एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन वहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब 2 साल पहले हुई थी। वीरवार को उसका पति काम (एक लैब में कार्यरत) पर आ गया था जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी अपने काम पर ऊना गए हुए थे। घर पर उसके अलावा केवल बच्चे थे। बताया जा रहा दोपहर को उसने पति को फोन किया कि वह जहर निगल लेगी। यह सुनते ही उसका पति काम बीच में छोड़ कर घर भाग लिया, लेकिन घर पहुंच कर देखा तो वह कठोर कदम उठा चुकी थी। इस मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।