मोदी सरकार पर बरसे मनप्रीत बादल, कहा-मुल्क का पैसा खाना, गौ मांस खाने जैसा

Wednesday, Dec 19, 2018 - 10:39 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): देश में विपक्षी दल कांग्रेस व सत्ताधारी भाजपा के बीच छिड़ा राफेल डील का मुद्दा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने राफेल डील को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि राफेल डील में कुछ गलत नहीं हुआ तो मोदी सरकार संयुक्त संसदीय समिति (जे.पी.सी) को पूरे मामले की जांच सौंपने से क्यों संकोच कर रही है। उन्होंने कहा कि मुल्क का पैसा खाना गौ मांस खाने के समान है। वह बुधवार को शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

राफेल डील देश का सबसे बड़ा स्कैम

उन्होंने राफेल डील को देश का सबसे बड़ा स्कैम करार दिया तथा कहा कि इससे देश के खजाने को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. ने प्रति विमान 526 करोड़ रुपए का सौदा तय किया था, जबकि मोदी सरकार ने 1670 करोड़ रुपए प्रति विमान का सौदा किया है। इससे 41 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। मनप्रीत बादल ने कहा कि देश के लोग भाजपा के गेम को समझ गए हैं। हाल ही में पांच राज्यों के चुनावी परिणाम से यह प्रमाणित हो गया है। किसी भी राज्य में परिणाम भाजपा के पक्ष में नहीं गए हैं।

मोदी सरकरी की उलटी गिनती शुरू

उन्होंने कहा कि मोदी सरकरी की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछने की हिम्मत रक्षा मंत्री, वित्त मंत्री सहित भाजपा में किसी में भी नहीं है, ऐसे में पी.एम की ही जिम्मेदारी बनती है कि वह विपक्ष के सवालों के जवाब दे। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधायक राम लाल ठाकुर, सुंदर ठाकुर, पूर्व विधायक रोहित ठाकुर व अन्य नेता भी मौजूद थे।

जिस कंपनी को तजुर्बा नहीं उसे दे दिया ठेका

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 12 दिन की कंपनी को 30 हजार करोड़ रुपए का ठेका दिया। उन्होंने कहा कि रिलायंस डिफैंस को पंजीकृत हुए 12 दिन ही हुए थे कि सरकार ने उसे 30 हजार करोड़ रुपए का ऑफ सेट ठेका दे दिया, जबकि 70 साल से काम कर रही पी.एस.यू.एच.ए.एल. को ठेका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस कंपनी को तजुर्बा नहीं था, उसे ठेका दे दिया गया, साथ ही जिस कंपनी के शेयर की कीमत 10 रुपए थी उसे विदेशी डसाल्ट कंपनी ने 1154 रुपए में खरीदा।

Vijay