प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं, हर भर्ती में घोटाला : प्रियंका वाड्रा

Monday, Oct 31, 2022 - 11:44 PM (IST)

मंडी (अनिल): मैं तो कहती हूं कि परंपरा मत बदलो, आपकी भी पुरानी परंपरा है। मंडी में सन् 1862 में नरोत्तम नामक बजीर होता था और वह लोगों से अत्यधिक लगान वसूलता था, जिसे लोगों ने उखाड़ फैंका। इसलिए आप भी सरकार बदल डालो। यह बात कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 63,000 सरकारी पद खाली पड़े हैं और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। हर भर्ती में घोटाला है। पुलिस की भर्ती में घोटाला है व अग्निवीर भर्ती के नाम पर युवाओं से छल किया जा रहा है। सब चीजों पर जी.एस.टी. लगा दिया गया है और सेब की पैकिंग में भी जी.एस.टी. लगा दिया है, जिससे किसान-बागवान परेशान हैं।

मंडी से वीरभद्र का पुराना नाता : प्रतिभा
कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी में जितने भी बड़े और टैक्रीकल संस्थान हैं, वे सब कांग्रेस की देन हैं। आज प्रदेश को भाजपा की सरकार ने 70,000 करोड़ रुपए के कर्ज तले डुबोकर रख दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह का मंडी के साथ बहुत पुराना नाता रहा है। उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी हैं।

सरकार बनते ही ओ.पी.एस. बहाल करेंगे
प्रियंका ने कहा कि देशभर में हिमाचल में शायद सबसे अधिक कर्मचारी हैं और उनकी पुरानी पैंशन बहाल नहीं की जा रही है। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही पुरानी पैंशन बहाल की जाएगी।

Content Writer

Kuldeep