SPU में पीएच.डी. के लिए साक्षात्कार के बाद मिलेगा प्रवेश

Monday, Mar 18, 2024 - 07:18 PM (IST)

मंडी (रजनीश): सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एस.पी.यू.) मंडी में पीएच.डी. में सीधे प्रवेश मिलेगा। जानकारी के अनुसार पीएच.डी. विषयों की कुल 40 सीटें भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे और इसके लिए आजकल आवेदन की प्रक्रिया चली हुई है। 21 मार्च से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और एम.बी.ए. में पीएच.डी. के लिए 21 मार्च को मांडव काॅम्पलैक्स में साक्षात्कार होंगे। इसके अलावा अन्य विषयों में पीएच.डी. की सीटों को भरने के लिए अलग से साक्षात्कार लिए जाएंगे। सरदार पटेल विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति प्रो. अनुपमा सिंह ने बताया कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय में पहले से ही 40 विद्यार्थी पीएच.डी. कर रहे हैं और अब इतनी ही और सीटें बिना प्रवेश परीक्षा के भरी जाएंगी। उन्होंने बताया पीएच.डी. में उन्हीं अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा जो यू.जी.सी. नैट, यू.सी.सी.-सी.एस.आई.आर., आई.सी.एम.आर. या भारत सरकार की ओर से प्रायोजित परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। पीएच.डी. के लिए एम.बी.ए., बाेटनी, कैमिस्ट्री, जूलॉजी, फिजिक्स और हिस्ट्री विषयों के लिए प्रवेश दिया जाएगा।

Content Writer

Kuldeep