उपमुख्यमंत्री बताएं कौन सी ग्रांट रोकी : जयराम

Saturday, Jan 20, 2024 - 10:52 PM (IST)

मंडी (रजनीश): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जनमंच की नकल करें पर नकल करने के लिए अक्ल भी जरूरी होती है। जब हमारी सरकार के समय जनमंच हुए थे तो कांग्रेस नेता कहते नहीं थकते थे कि अधिकारियों को लोगों के सामने डराया-धमकाया जा रहा है। अब टकोली में हुए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में कांग्रेस सरकार के मंत्री ने एन.एच.ए.आई. पर एफ.आई.आर. दर्ज करवाने की बात कही है। शनिवार को मंडी में पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष ने उपमुख्यमंत्री को जवाब देते हुए कहा कि वह बताएं कि कौन सी ग्रांट रोकी है। देश भर में हिमाचल प्रदेश को सबसे ज्यादा ग्रांट केंद्र सरकार से मिली है। उपमुख्यमंत्री अपना दोष छुपाने के लिए दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, जो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए ऋण लिया था लेकिन वर्तमान में कांग्रेस सरकार जो कर्ज ले रही है और वह कहां पर खर्च हो रहा, इसका कोई अता-पता नहीं है। कांग्रेस सरकार ने 13 महीने के कार्यकाल में 14 हजार करोड़ का ऋण ले लिया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री हास्यास्पद बयान दे रहे हैं कि हिमाचल की हालत श्रीलंका जैसी है। साथ ही ये भी हर मंच पर कह रहे हैं कि 4 साल में हिमाचल सबसे समृद्ध राज्य बनेगा। ऐसे में मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश की जनता को बताएं कि ऐसा कौन सा फार्मूला उनके पास है जिससे प्रदेश 4 साल में समृद्ध होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जे.ओ.ए. आई.टी. के अभ्यर्थी मुख्यमंत्री से मिलते हैं तो वह कहते हैं कि मुझे कोई समस्या नहीं है, कैबिनेट मंत्री रोक रहे हैं। 3 महीने में भर्ती से जुड़ी सभी समस्याओं को सुलझाने का भरोसा दिया था लेकिन 13 महीने बाद कह रहे हैं कि मंत्रियों से जाकर मिलिए और उन्हें मनाइए।

कांग्रेस नेता श्रीराम विरोधी, सभी दर्शन करने नहीं जा रहे
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता श्रीराम विरोधी हो गए हैं। कांग्रेस का कोई नेता अयोध्या दर्शन करने नहीं जाएगा। इसकी आने वाले समय में बहुत बड़ी कीमत कांग्रेस काे चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार 22 जनवरी को भव्य राम मंदिर में होने जा रहे रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए सार्वजनिक अवकाश घोषित करे। हिमाचल के लोगों में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह है। 500 साल बाद आए सुअवसर का हर प्रदेशवासी साक्षी बनना चाहता है, इसलिए सरकार लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित करे। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा पर पूरे प्रदेश में दीवाली जैसा उत्सव होगा। इससे पहले जयराम ठाकुर ने मंडी शहर के प्राचीन रुद्र एकादश मंदिर में साफ-सफाई की।

Content Writer

Kuldeep