Mandi: सरकार की नशे के खिलाफ लड़ाई में गंभीरता कम और ज्यादा दिखावा : जयराम

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 09:40 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट में जो घटना हुई है, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। घर से कुछ दूरी पर ही कालेज जा रही एक बिटिया की निर्मम हत्या प्रदेश में कानून व्यवस्था के पूरी तरह से ध्वस्त हो जाने का उदाहरण है। इस घटना में शामिल लोगों के इस जघन्य अपराध की ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो भविष्य में उदाहरण बने, ताकि फिर कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके। जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी तक जितनी बातें पता चली हैं, उससे एक बात साफ है कि हत्यारा नशे का आदी था। सरकार द्वारा नशे के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी जा रही है लेकिन उसमें गंभीरता कम और दिखावा ज्यादा है।

इसी कारण प्रदेश के कोने-कोने में नशा फैल रहा है। हाल ही में प्रदेश में ऐसे निर्मम हत्याकांड हुए हैं, जिनमें हत्यारे नशे के आदी पाए गए हैं। प्रदेश में पहले जो नशा बाॅर्डर एरिया तक सीमित था, आज वह प्रदेश के कोने-कोने में फैल रहा है, लेकिन सरकार सिर्फ इवैंटबाजी कर रही है। नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई को और अधिक गंभीरता तथा सख्ती से लड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए कानून में जो भी बदलाव करने हों भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से सरकार के साथ है। प्रदेश में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां नशे से जुड़े लोगों की संलिप्तता की खबरें आईं, लेकिन सरकार द्वारा कार्रवाई के नाम पर लीपापोती की गई।

बिटिया को न्याय दिलाने के लिए जी जान से लड़ेंगे
जयराम ने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए भगवान से बिटिया की आत्मिक शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। जयराम ठाकुर अपने सारे कार्यक्रम निरस्त कर बिटिया के परिजनों से मिलने नेरचौक मैडीकल कालेज पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि बिटिया को न्याय दिलाने के लिए वह जी जान से लड़ेंगे। भावुक होकर बिटिया के पिता जी ने नेता प्रतिपक्ष से कहा कि भविष्य में ऐसा किसी भी बेटी के साथ न हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News