गोहर में गोलीकांड, 2 की मौत

Monday, Mar 21, 2022 - 11:38 PM (IST)

गोहर (मंडी) (ख्यालीराम): गोहर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बाल्हड़ी के डुगांस गांव में सोमवार को गोलीकांड से 2 लोगों की मौत हो गई। गोलीकांड कैसे हुआ अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि गोलीकांड में मारे गए दोनों लोग या तो खेतों की रखवाली कर रहे थे या फिर शिकार करने गए थे। एक से गलती से दूसरे पर गोली चल गई और उसकी मौत हो गई। इससे घबराए दूसरे शख्स ने खुद को भी गोली मार ली। घटना शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान बिशन लाल (36) पुत्र खेम सिंह गांव सोमनाचन तहसील बालीचौकी और रामकृष्ण (45) पुत्र सरण दास गांव डली ग्राम पंचायत बाल्हड़ी के रूप में हुई है। ये दोनों 2 दिन पहले ही एक देवता मेहमानबाजी में आए थे। गोलीकांड की जानकारी मिलते ही एस.पी. मंडी शालिनी अग्निहोत्री खुद घटनास्थल पर पहुंची हैं, वहीं गोहर थाना की टीम ने भी मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एस.पी. मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि अभी जांच जारी है और जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।

Content Writer

Kuldeep