सरकाघाट छात्रा मर्डर केस : गेहूं के खेत में छिपा बैठा था कातिल, गुस्साए ग्रामीणों ने घेरा तो हाथ-पैर बांधकर ले गई पुलिस
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 02:40 PM (IST)
Mandi Hatyakand : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में एक कॉलेज छात्रा की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुआ संदिग्ध आरोपी आखिरकार ग्रामीणों और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस दौरान भीड़ का गुस्सा चरम पर दिखा और लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई भी की।
खेतों में घेरा, पुलिस ने सुरक्षित निकाला
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों को नैण गांव के पास गेहूं के खेतों में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे लोगों ने तुरंत घेर लिया। सूचना मिलते ही डीएसपी संजीव सूद और एसएचओ रजनीश ठाकुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस पहुंची तो आरोपी के हाथ-पैर बंधे हुए थे और सैकड़ों की संख्या में लोग उसे फांसी देने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद भीड़ से बचाकर संदिग्ध आरोपी को सुरक्षित वाहन तक पहुंचाया और हिरासत में लिया। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी को पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता के चलते घटना के महज साढ़े तीन घंटे के भीतर ही दबोच लिया गया। घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर ही आरोपी को पकड़ा गया है।
डीएसपी ने दिलाया न्याय का आश्वासन
मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ को शांत करते हुए डीएसपी संजीव सूद ने कहा, "मैं आप सभी को आश्वासन देता हूं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी और आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है।" उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि वे कानून को अपने हाथ में न लें और यदि इस केस से जुड़ा कोई भी सुराग मिले तो तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, आरोपी ने नशे में युवती की हत्या की है। हालांकि, अभी तक हत्या की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है।
क्या था मामला?
गौरतलब है कि सोमवार को गोपालपुर के नैण गांव की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा सिया गुलेरिया अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। रास्ते में किसी अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। छात्रा का शव मिलने के बाद से ही पूरे उपमंडल में शोक और गुस्से की लहर है।

