पति से झगड़े के बाद कमरे से बाहर चली गई पत्नी, वापस लौटी तो अंदर का नजारा देखकर निकल गई चीख
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 02:37 PM (IST)
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किराए के कमरे में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ मिला। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
पत्नी के साथ किराए के कमरे में रह रहा था चरणजीत
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत डिडवीं का है। मृतक की पहचान मूल रूप से मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल के लगहेड़ निवासी चरणजीत के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ महीनों से अपनी पत्नी के साथ डिडवीं में एक किराए का कमरा लेकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से ठीक पहले रात के समय पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। झगड़ा होने के बाद पत्नी कमरे से बाहर चली गई। कुछ समय बाद जब वह वापस कमरे में लौटी, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने अपने पति को फंदे से लटका हुआ पाया। उसने तुरंत चीख-पुकार मचाकर मकान मालिक को बुलाया और फिर पुलिस को सूचित किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति नशे की हालत में था।

