हिमाचल में चिट्टा तस्करी के नैटवर्क का पर्दाफाश, पुलिस ने पंजाब से दबोचा ''बड़ा मगरमच्छ''
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 12:06 PM (IST)
सोलन: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। परवाणू में बीते 10 जनवरी को सामने आए चिट्टा तस्करी के मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने पंजाब से एक और मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक कुल तीन आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
एसपी सोलन गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने 10 जनवरी को परवाणू की टर्मिनल मार्कीट से एक युवक को 10.47 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस युवक से पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने पहले चंडीगढ़ से एक सप्लायर को पकड़ा। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मोहाली (पंजाब) से सतनाम सिंह निवासी जलालाबाद, जिला फाजिल्का को गिरफ्तार किया। सतनाम के पास से भी पुलिस को 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
रिमांड के दौरान खुला मुख्य तस्कर का नाम
पुलिस ने आरोपी सतनाम सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान सतनाम ने खुलासा किया कि वह यह नशा कुलविंदर सिंह निवासी ग्राम चंगराई उत्तर, जिला फिरोजपुर (पंजाब) से खरीदता था। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सोलन पुलिस की टीम ने बीते 30 जनवरी को सुहाना, जिला मोहाली में दबिश दी और मुख्य तस्कर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
बैंक खातों में मिली लाखों की ट्रांजैक्शन
पुलिस जांच में आरोपियों के बीच बड़े आर्थिक लेन-देन की बात भी सामने आई है। आरोपी कुलविंदर सिंह की बैंक डिटेल्स खंगालने पर अन्य आरोपियों के साथ लाखों रुपए की ट्रांजैक्शन पाई गई है, जो इस नशे के नैटवर्क की पुष्टि करती है। इस मामले में अब तक कुल 20 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया जा चुका है और कुल 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपी कुलविंदर सिंह को न्यायालय में पेश कर 4 दिन की पुलिस हिरासत (रिमांड) में लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नैटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

