4 राज्यों में चिट्टे का कारोबार करने वाले मुख्य सौदागर पंजाब से गिरफ्तार

Saturday, Jun 10, 2023 - 09:02 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): रामपुर पुलिस की टीम ने प्रदेश में चिट्टे के कारोबार करने वाले मुख्य सौदागर को गिरफ्तार किया है। यह खुलासा डीएसपी रामपुर शिवानी मेहला ने पत्रकार वार्ता में किया है। डीएसपी ने बताया कि रामपुर पुलिस की टीम ने चिट्टे के मुख्य सौदागर को पंजाब से गिरफ्तार किया है जोकि हरियाणा के कैथल जिला के मटौर गांव का रहने वाला है। नशे के सौदागर की पहचान संजय बोरिया (40) के रूप में हुई है। यह लगातार पंजाब व हरियाणा में अपने ठिकाने बदल रहा था। ऐसे में पुलिस को सौदागर की स्थायी जानकारी जुटाने में दिक्कतें आ रही थीं। इसके बावजूद पुलिस ने इसे धर दबोचा। संजय बोरिया रामपुर के नोगली क्षेत्र से चेतन व रेखा के साथ था। इन दोनों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने छानबीन के दौरान आरोपी चेतन की बैंक डिटेल में हुए करोड़ों रुपए की लेन-देन का खुलासा किया है। इसी के आधार पर पुलिस ने पंजाब से संजय बोरिया को गिरफ्तार किया है। 

डीएसपी ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में मुख्य आरोपी अपने नैटवर्क के माध्यम से एक सप्ताह में करीब 10 से 12 लाख रुपए का कारोबार करता है। वर्ष भर में ये कारोबार प्रदेश के 2 जिलों में 10 से 12 करोड़ रुपए तक पहुंच जाता था। संजय बोरिया का नैटवर्क प्रदेश के 2 जिलों में फैला हुआ है। इसमें सोलन व शिमला शामिल हैं। इसने जिला शिमला में करीब 12 व सोलन में 15 लोगों को आपस में जोड़ा हुआ है। नशे की खेप एक सुनियोजित ढंग से रामपुर के किन्नौर, ननखड़ी, नारकंडा, कुमारसैन, ठियोग, रोहड़ू, आनी, निरमंड, जगाताना, चाटी व ब्रौ में युवाओं तक पहुंचाई जा रही थी। अभी तक पुलिस मुख्य सौदागर के बैंक खाते को सील कर चुकी है, जिसमें 60 लाख रुपए हैं। नशे के सौदागर को करीब 4 राज्यों की पुलिस को खोज रही थी लेकिन ये किसी के हाथ नहीं लग रहा था। आखिरकार रामपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के बाद इसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay