नड्डा के घर पर Lunch Diplomacy, CM जयराम भी हुए शामिल

Saturday, Jan 27, 2018 - 08:34 PM (IST)

दिल्ली/शिमला: केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के नई दिल्ली स्थित आवास में शनिवार को लंच के बहाने भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में कार्यरत हिमाचल कैडर के अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित थे। इस दौरान केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य तथा केंद्र में कार्य कर रहे अधिकारियों के बीच राज्य के हित में बेहतर सामजस्य व तालमेल पर बल दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के अधिकारियों की कुशल व प्रभावशाली सेवाओं के लिए उनकी सराहना की और उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी केन्द्र तथा राज्य की इसी जज्बे से सेवा करना जारी रखेंगे।

कुशल अधिकारी कर रहे राज्य का प्रतिनिधित्व
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा केन्द्र को भेजी गई परियोजनाओं तथा प्रस्तावों की स्वीकृतियों में तेजी लाने में संबंधित मंत्रालयों में अग्र व सक्रिय भूमिका के लिए अधिकारियों से आग्रह किया ताकि विकास की गति में तेजी आ सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसी भी सरकार की रीढ़ होते हैं और नीतियां व कार्यक्रमों के निर्माण तथा जमीनी स्तर पर विकासात्मक गतिविधियों के कार्यान्वयन को गति देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि भारत सरकार में कार्यरत अनेक कुशल अधिकारी राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से राज्य के हितों की रक्षा करने तथा राज्य की उन्नति में प्रभावी भूमिका निभाने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों से सौहार्दपूर्ण संबंध हैं और सरकार उनकी बहुमूल्य सेवाओं को देखते हुए उनके हितों की रक्षा के लिये वचनबद्ध है।

इस दौरान मुख्य सचिव विनीत चौधरी ने केन्द्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और आश्वासन दिया कि सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से कार्यान्वित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और राज्य के लोगों का कल्याण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित बनाया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं आवासीय आयुक्त अनिल खाची सहित भारत सरकार में कार्यरत हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।