Weather : हिमाचल में टूटा 36 वर्षों का रिकॉर्ड, 1987 के बाद मई माह में कम तापमान दर्ज

Wednesday, May 10, 2023 - 06:01 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष लोगों को मौसम के कड़े तेवर से निजात नहीं मिल रही है। मई माह में जहां प्रतिवर्ष सूर्यदेव के गर्म मिजाज देखने को मिलते थे, वहीं इस वर्ष समूचे हिमाचल में वर्षा का दौर जारी है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां मई में बर्फ पड़ रही है, वहीं मध्यवर्ती और मैदानी इलाकों में वर्षा हो रही है। वर्षा के लगातार क्रम से तापमान में भी गिरावट आई है। 1987 के बाद इस वर्ष मई माह में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 36 वर्षों बाद मई महीने में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ौतरी होने की संभावना है।

12 मई से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 12 मई तक मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि बीते 24 घंटों में जिला शिमला,किन्नौर और चम्बा के कुछेक स्थानों में हल्की बारिश हुई है। वहीं 12 मई देर रात से एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश में सक्रिय होगा, जिसके चलते मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और जिला किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ भागों में बर्फबारी भी होने संभावना है। उन्होंने कहा कि 12 मई तक तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ौतरी हो सकती है। प्रदेश के केलांग और धर्मशाला में न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड टूटा है। केलांग में 9 मई को न्यूनतम तापमान माइनस 2.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले वर्ष 2019 में माइनस 1.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं धर्मशाला में 1 और 8 मई को 8.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले वर्ष 2009 में 8.7 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। 

कई क्षेत्रों में पड़ रही कड़ाके की ठंड
संदीप शर्मा ने कहा कि मई के पहले सप्ताह में पूरे प्रदेश में 5 से 7 डिग्री सैल्सियस तापमान कम दर्ज किया गया है। ऐसी स्थिति प्रदेश में वर्ष 1987 में देखने को मिली थी जब तापमान सामान्य से कम चल रहा था। वर्ष 1987 के बाद शिमला, मनाली, कल्पा, धर्मशाला, ऊना और पालमपुर का इस वर्ष सबसे कम अधिकतम और न्यूनतम पारा दर्ज हुआ है। 1988 से 2022 के दौरान मई में तापमान अधिक दर्ज हुआ है लेकिन इस वर्ष पश्चिमी विक्षोभ के अधिक सक्रिय होने से मई में भी कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay